मुख्यमंत्री प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना में फर्जीवाड़ा करने वाला मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नालंदा
नालंदा : मुख्यमंत्री प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना में फर्जी लाभार्थी को छात्रवृत्ति दिलाने के आरोप में नालंदा साइबर थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत अंदि गांव निवासी अरविंद प्रसाद का पुत्र अविनाश कुमार और बड़ी मलमा गांव निवासी भूषण प्रसाद का पुत्र चंदन कुमार शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार वादीनी ने नालंदा साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि अविनाश कुमार ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मुख्यमंत्री प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति प्राप्त की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने अविनाश कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चंदन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
चंदन कुमार को इस योजना में फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।