पति के दीर्घायु होने की मंगल कामना के साथ महिलाओं ने किया करवा चौथ

जमुई
जनादेश न्यूज जमुई
अलीगंज(समर कुमार) : गुरुवार को सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लम्बी आयु के लिए करवा चौथ का व्रत किया। इस व्रत में महिलाएं दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम में अपने पति को चलनी से देखकर व्रत खोलती हैं। अलीगंज में भी महिलाएं वर्षों पहले से निर्धारित कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को दिनभर निर्जला उपवास रखकर अपने पति के स्वस्थ व निरोग जीवन के लिए करवा चौथ व्रत करती हैं। पौराणिक कहानियों के अनुसार एक बार देवताओं व दानवों में युद्ध हुआ था। इस युद्ध में देवताओं का पलड़ा हल्का पड़ने लगा था। अपनी हार के डर से और अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी देवता ब्रह्मदेव के पास पहुंचे और उनसे युद्ध में जीत के उपाय बताने को कहा। तब ब्रह्मदेव भगवान ने बताया कि सभी देवताओं की पत्नियां कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्थी को निर्जला उपवास रखकर व्रत करें। इसके बाद सभी देवताओं की पत्नियों ने अपने पति की युद्ध में विजय के लिए व्रत रखा। तत्पश्चात उस युद्ध में देवताओं की जीत हुई। सभी देवताओं ने युद्ध में जीत होने के बाद निर्जला उपवास व्रत रखी अपनी अपनी पत्नियों को जल पिलाकर व्रत खुलवाया। तभी से सभी सुहागिन महिलाएं अपने-अपने पति के सुख समृद्धि व स्वस्थ जीवन के लिए करवा चौथ व्रत करने लगीं। दूसरी कथा के अनुसार महाभारत में कौरवों पर पांडवों की जीत के लिए भगवान कृष्ण ने द्रौपदी से करवा चौथ का व्रत करने को कहा था।और द्रौपदी के इस व्रत के करने से पांडवो की महाभारत युद्ध में जीत हुई थी। इस साल प्रखंड क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में गुरुवार को भी सुहागिन महिलाओं ने अपने-अपने पति के स्वस्थ व निरोग जीवन के लिए यह व्रत रखा।