शेखपुरा : सदर अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में अधीक्षक डॉ शरदचंद्र कि अध्यक्षता में सदर अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त करने एवं सिजेरियन के लिए मेडिकल अफसरों एवं ए ग्रेड नर्स के साथ बैठक हुई । बैठक में मुख्य तौर पर लेवर रुम कि व्यवस्था के साथ सिजेरियन को बढ़ाने के लिए चर्चा की गई । अधीक्षक ने सुचारू रूप से अस्पताल चलाने के लिए सभी मेडिकल अफसरों एवं नर्सों को निस्वार्थ भाव से सहयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही सदर अस्पताल में मानक के अनुरूप मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए सभी चिकित्सकों को हेड क्वार्टर में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष परिस्थिति इमरजेंसी में ही छुट्टी लेने की बात कही। उन्होंने सदर अस्पताल में सिजेरियन को बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को अच्छी सुविधा कैसे मिले इस पर चिकित्सकों को सोचना है। तालमेल बनाकर काम करना है। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल से अक्सर सिजेरियन की नौबत आने पर मरीजों को अन्यत्र रेफर किए जाने से अस्पताल की बदनामी हो रही है । उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि सिजेरियन के मरीजों को रेफर नहीं किया जाए। सदर अस्पताल में ही सिजेरियन की सुविधा मिले। इसके लिए सभी मेडिकल अफसरों को निर्देश दिया गया है। मेडिकल अफसरों में डॉ. कृष्ण मुरारी डॉ. संगीता , हेल्थ प्रबंधक धीरज कुमार सहित सभी ए एन एम उपस्थित थे।