23 फरवरी को नव नियोजित शिक्षकों को किया जाएगा नियुक्ति पत्र का वितरण

नालंदा
जनादेश न्यूज नलंदा
दो प्रखंड एवं आठ पंचायत नियोजन इकाइयों में मेधा सूची निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत प्रकाशित नहीं होने के कारण नियोजन प्रक्रिया नहीं हो सकी थी पूरी, इन नियोजन इकाइयों में नियोजन प्रक्रिया को पुनः निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत किया जाएगा पूरा
प्रक्रिया के क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की बैठक
—————————————
प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चक्र के शिक्षक नियोजन हेतु काउंसलिंग की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है।
 इन सभी नव नियोजित शिक्षकों को 23 फरवरी को संबंधित नियोजन इकाई के माध्यम से नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। चयनित शिक्षकों द्वारा विद्यालय का चयन भी साथ साथ किया जाएगा।
 विद्यालय के आवंटन हेतु चयन सूची से अभ्यर्थियों को बुलाने के क्रम की प्रक्रिया का निर्धारण विभागीय स्तर से किया गया है। निर्धारित क्रम के अनुसार ही अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा तथा विद्यालय वार प्रदर्शित रिक्तियों में से उनके द्वारा विद्यालय का चयन किया जा सकेगा।
 इस प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न नियोजन इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
 विभाग द्वारा निर्धारित प्रावधान के अनुरूप चयनित अभ्यर्थियों को विद्यालय आवंटन हेतु बुलाने के क्रम की सूची 20 फरवरी तक तैयार कर सूचना पट एवं एनआईसी के वेबसाइट पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रत्येक नियोजन इकाई के लिए विद्यालय वार रिक्तियों को भी प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। पंचायत एवं प्रखंड नियोजन इकाई की क्रम सूची को संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से जांच कर सत्यापित करेंगे तथा नगर निकाय नियोजन इकाईयों के क्रम सूची की जांच एवं सत्यापन का कार्य शिक्षा विभाग के डीपीओ स्थापना द्वारा किया जाएगा। इस सूची को तैयार करने का उद्देश्य है कि चयनित अभ्यर्थियों को विद्यालय का आवंटन उनकी इच्छा एवं रिक्तियों के अनुसार निर्धारित प्रावधान के तहत पारदर्शी तरीके से किया जा सके।
 जिला में दो प्रखंड नियोजन इकाई तथा आठ पंचायत नियोजन इकाइयों द्वारा विभिन्न कारणों से पूर्व में निर्धारित समय सीमा के तहत मेधा सूची का प्रकाशन नहीं किए जाने के कारण नियोजन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इनमें रहुई एवं हिलसा प्रखंड नियोजन इकाई के साथ-साथ चंडी प्रखंड के सिरनामा, बेलछी एवं अरौत पंचायत नियोजन इकाई, थरथरी प्रखंड के थरथरी एवं कचहरिया पंचायत नियोजन इकाई, इस्लामपुर प्रखंड के बेले पंचायत नियोजन इकाई, हिलसा प्रखंड के अरपा पंचायत नियोजन इकाई तथा एकंगर सराय प्रखंड के अमनार खास पंचायत नियोजन इकाई शामिल हैं।
 इन सभी नियोजन इकाइयों के लिए नियोजन की प्रक्रिया को पूरा करने हेतु पुनः समय सीमा का निर्धारण किया गया है।
इन सभी नियोजन इकाईयों द्वारा 1 मार्च तक औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन एनआईसी के वेबसाइट पर सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बाद दावा आपत्ति प्राप्त किया जाएगा। प्राप्त दावा आपत्ति के निराकरण के उपरांत 8 मार्च तक अंतिम मेधा सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
 रहुई एवं हिलसा प्रखंड नियोजन इकाईयों के कक्षा 6 से 8 के लिए 14 मार्च तथा कक्षा 1 से 5 के लिए 15 मार्च को काउंसलिंग की जाएगी। सभी आठ पंचायत नियोजन इकाइयों की काउंसलिंग 16 मार्च को निर्धारित की गई है।
 जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को त्रुटि रहित मेधा सूची अपनी देखरेख में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के सहयोग से तैयार कराने का निर्देश दिया।
 बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ स्थापना तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आदि जुड़े थे।