रजौली (नवादा) थाना क्षेत्र के बिहार-झारखण्ड के सीमावर्ती चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी से उत्पाद विभाग ने बस पर 24 केन बियर एवं 6 बोतल विदेशी शराब के साथ सफर कर रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया।वहीं करिगांव मोड़ के समीप से एक बाइक पर लदे 21 लीटर देशी महुआ शराब जब्त किया एवं दो तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने कहा कि समेकित जांच चौकी पर उत्पाद एसआई पिन्टू कुमार के नेतृत्व में झारखण्ड की ओर से आनेवाली वाहनों की सघन जांच तीन शिफ्टों में की जाती है।साथ ही आसपास के क्षेत्रों में शराब, निर्माण, परिवहन, भंडारण,सेवन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार छापेमारी की जाती है।उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि बीती रात्रि गुरुवार को रांची से पटना जाने वाली एक बस जांच उत्पाद एएसआई बिशु हेम्ब्रम द्वारा की जा रही थी।जांच के क्रम में एक व्यक्ति के पास रहे बैग से 500 एमएल के 24 केन बियर,750 एमएल के 4 ब्लंडर्स प्राइड एवं 2 बोतल मैजिक मोमेंट्स बरामद किया गया।जब्त शराब के साथ एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार तस्कर की पहचान वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के बघनोचा गांव निवासी सत्येन्द्र राय के पुत्र सनोज कुमार के रूप में हुई है।वहीं गुप्त सूचना के आलोक में करीगांव मोड़ के समीप से उत्पाद एएसआई धीरज लाल पंचम ने एक हीरो स्प्लेंडर बाइक पर लदे 21 लीटर देशी महुआ शराब के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार तस्करों में रजौली थाना क्षेत्र के छतनी गांव निवासी रामप्रसाद यादव के पुत्र लल्लू कुमार एवं सुनील यादव के पुत्र नीतीश कुमार शामिल हैं।उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब,बाइक एवं गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।वहीं समेकित जांच चौकी पर गुरुवार की शाम से लेकर शुक्रवार की सुबह तक विभिन्न वाहनों से कुल 14 शराब पीने वाले लोगों को हिरासत में लिया गया।शराबियों के शराब पीये होने की पुष्टि ब्रेथ एनालाइजर मशीन से किए जाने पर शराब पीये हुए होने की पुष्टि हुई है।सभी शराबियों द्वारा न्यायालय में जुर्माना राशि जमा करने के बाद उन्हें कड़ी हिदायत देकर मुक्त कर दिया गया।जांच के मौके पर एसआई सनी कुमार के साथ कई अधिकारी थे।