रजौली : एनएच-31 पर थाना क्षेत्र के प्राणचक मोड़ के पास शुक्रवार की रात बाइक सवार दो युवकों द्वारा रजौली के एक पत्रकार की बाइक में पीछे से टक्कर मार दिए जाने से पत्रकार घायल हो गए। वहीं पत्रकार की बाइक में टक्कर मारने वाले बाइक सवार दोनों लोग घटनास्थल पर ही बाइक छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद एस आई सूर्य नारायण राम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बाइक को जब्त कर थाने लाए।
घायल पत्रकार अशोक कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार की रात रजौली के बभनटोली निवासी गोलू सिंह बाइक से उन्हें अमावां स्थित घर छोड़ने जा रहे थे। इसी बीच प्राणचक मोड़ के पास एक अनियंत्रित बाइक सवार दो लोगों ने पीछे से टक्कर मार दिया। जिससे वे बाइक समेत एनएच-31 पर गिर गए।गनीमत रही कि उस बीच कोई वाहन वहां से नहीं गुजरा, अन्यथा लोग हादसे का शिकार हो जाते। पत्रकार को चोट लगने के बाद टक्कर मारने वाले दोनों लोग घटनास्थल पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गए। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना के बाद गश्त कर रहे एसआई सूर्य कुमार राम को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने ग्लैमर बाइक को जब्त कर ली है। बाइक की जांच- पड़ताल की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी के द्वारा लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन दिए जाने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।