जिलाधिकारी रहुई के विभिन्न पंचायतों का किया भ्रमण,स्थानीय लोगों एवं जन प्रतिनिधियों से योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर लिया फ़ीडबैक

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नालंदा
—————————————
जिलाधिकारी  शशांक शुभंकर ने आज रहुई प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का भ्रमण किया।
 भ्रमण के क्रम में उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में फीडबैक तथा स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी लिया।
उनके द्वारा स्थानीय लोगों के साथ भी संवाद किया गया। उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध करते हुए संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निदान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
रहुई प्रखंड कार्यालय परिसर में उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक किया तथा स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों द्वारा मन्दिरपुर में जल निकासी हेतु पइन की उड़ाही, रहुई पंचायत सरकार भवन के चहारदीवारी निर्माण आदि आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
रहुई नगर पंचायत के मिर्जापुर में जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। मिर्जापुर में पंचाने नदी पर निर्माणाधीन पुल -सह- छिलका तथा निर्मित स्टेडियम का भी निरीक्षण किया गया। स्थानीय लोगों द्वारा सामुदायिक भवन के निर्माण की आवश्यकता बताई गई थी, जिसके लिए जमीन चिन्हित किया गया है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।