रजौली (नवादा) प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों गर्मी से आम जनजीवन बेहाल है।धूप की कड़ी तपिश लोगों को परेशान कर रही है।सूर्य की किरणों के निकलते ही शरीर का झुलसना शुरू हो जा रहा है।गुरुवार को भी मौसम काफी गर्म रहा।जिसके चलते जन-जीवन पर असर पड़ने लगा है। दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है।धूप की तपिश के बीच धीरे-धीरे बढ़ रही उमस भरी गर्मी लोगों को पिछले साल की याद ताजा कराने लगी है।गत साल भी जून के महीने में भीषण गर्मी पड़ी थी।लू की वजह से कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।अब एक बार फिर जून के महीने में पड़ रही गर्मी से लोग सिहर जा रहे हैं।गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।गर्मी से बचने के लिए तमाम प्रकार के जुगाड़ लगाए जा रहे हैं।लोग कूलर,एसी, पंखा का सहारा ले रहे हैं।इस बीच बिजली की आंख मिचौनी भी लोगों की परेशानी को बढ़ा रही है।गुरुवार को कई देर तक बिजली गुल रही। जिसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।उमस भरी गर्मी के कारण लोग पसीने से तर-बतर हो रहे हैं।इधर भीषण गर्मी में स्वास्थ्य महकमे पहले से ही अलर्ट पर है।लू के मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाए गए हैं।वार्ड में एयर कंडीशन और कूलर की व्यवस्था की गई है। पर्याप्त मात्रा में ओआरएस पैकेट उपलब्ध करा दिए गए हैं।ताकि किसी को परेशानी नहीं उठानी पड़े।