पटना : बिहार न्यायिक अकादमी के तत्वावधान में संविधान दिवस के उपलक्ष में वृहद समारोह का आयोजन किया गया।आयोजन के मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह, न्यायाधीश पटना उच्च न्यायालय सह अध्यक्ष बिहार न्यायिक अकादमी थे, एवं समारोह में उच्च न्यायालय के कई प्रतिष्ठित न्यायमूर्ति भी उपस्थित रहे। साथ ही पटना उच्च न्यायालय के रजिस्ट्री में कार्यरत न्यायिक पदाधिकारी, विधि विभाग बिहार सरकार में पदस्थापित न्यायिक पदाधिकारी, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पटना में पदस्थापित न्यायिक पदाधिकारी, एवं पटना न्याय मंडल के समस्त न्यायिक पदाधिकारी भी सम्मिलित रहे।
संविधान दिवस के मौके पर समारोह में न्यायिक अकादमी के प्रशासनिक भवन में स्थित रिसेप्शन हॉल तथा गलियारों में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन तथा अकादमी के सभागार में सेमिनार का आयोजन किया गया था। फोटो प्रदर्शनी की विषय वस्तु भारतीय संविधान की रचना थी, एवं प्रदर्शनी में संविधान के विभिन्न आयामों, और उसके निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों एवम तथ्यों का संकलन और चित्रण किया गया था।
सेमिनार का आयोजन अकादमी के सभागार में “Constitutional rights against legal wrongs: ways and means for achieving speedy trials” विषय पर किया गया। सेमिनार से पूर्व सामूहिक राष्ट्रगान किया गया, जिसके उपरांत दीप प्रज्वलित कर सेमिनार का शुभारंभ किया गया। सेमिनार को न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह न्यायाधीश पटना उच्च न्यायालय सह अध्यक्ष बिहार न्यायिक अकादमी, न्यायमूर्ति चक्रधारी शरण सिंह न्यायाधीश पटना उच्च न्यायालय न्यायमूर्ति ए०एम० बदर, न्यायाधीश पटना उच्च न्यायालय तथा न्यायमूर्ति पी० बी० भजंत्री, न्यायाधीश पटना उच्च न्यायालय द्वारा संबोधित किया गया। अध्यक्ष द्वारा इस उपलक्ष पर संविधान में दिए मौलिक कर्त्यव्यो पर ध्यान आकृष्ट कराया गया और यह कहा गया कि कर्तव्यों का निर्वहन कर के ही संविधान दिवस को मानने का सबसे उत्कृष्ट तरीके से मनाया जा सकता है। समारोह में अतिथिगण का स्वागत अकादमी के निदेशक आलोक कुमार पांडेय एवं धन्यवाद ज्ञापन अपर निदेशक भारत भूषण भसीन द्वारा किया गया।