👉’वोल्टेज भैया’ पूछ रहे उपभोक्ताओं के मन में उठने वाले सवाल, ‘बिजली दीदी’ दे रही हैं आसान भाषा में उसके जवाब
पटना : वोल्टेज भैया: गोर लगई छी बिजली दीदी। बिजली दीदी: खूब नीक रहू वोल्टेज भइया। कहू की बात! वोल्टेज भैया: झा जी क स्मार्ट प्रीपेड मीटर क ल क एकटा सवाल छैन कि स्मार्ट मीटरक रिचार्ज कतैक तरीका स भ सकै छै। बिजली दीदी: अहा मीटरक रिचार्ज ‘बिहार बिजली स्मार्ट मीटर’ एप के माध्यम से आसानी से कैल जाए सकै छी। वोल्टेज भैया: आभार अहाँ क बिजली दीदी।
मैथिली भाषा में किया गया यह संवाद बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (बीएसपीएचसीएल) के सोशल मीडिया कैंपेन का हिस्सा है, जिसमें स्मार्ट ‘बिजली दीदी’ और स्टाइलिश ‘वोल्टेज भैया’ आसान शब्दों तथा क्षेत्रीय भाषाओं में जवाब देकर स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जुड़ी जिज्ञासा को शांत कर रहे हैं। बिहार के विद्युत उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए शुरू इस अनूठे कैंपेन को सोशल मीडिया पर लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
बिहार स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने वाला देश का पहला राज्य है। इसके फायदों को देखते हुए इसे पूरे देश में अपनाया जा रहा है। लेकिन, जब भी कोई नई शुरुआत होती है, तो लोगों के मन में स्वाभाविक रूप से कई तरह के सवाल भी रहते हैं। ऐसा ही स्मार्ट प्रीपेड मीटर के साथ भी हुआ। इसे लेकर कई तरह की भ्रांतियां भी फैलीं, जैसे यह पुराने मीटर से तेज चलता है या इसमें सब्सिडी नहीं मिलती है आदि।
इसके मद्देनजर राज्य के विद्युत उपभोक्ताओं तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए बीएसपीएचसीएल ने सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग शुरू किया। जागरूकता कैंपेन के तहत सोशल मीडिया पोस्ट और विज्ञापनों में उपयोग के लिए युवाओं की पसंद के दो यूनिक कैरेक्टर ‘बिजली दीदी’ और ‘वोल्टेज भैया’ की परिकल्पना की गई। स्टाइलिश वोल्टेज भैया उपभोक्ताओं के मन में उठने वाले सवाल बिजली दीदी से पूछते हैं और स्मार्ट बिजली दीदी उसका आसान जवाब अपने अंदाज में देती हैं। दोनों कैरेक्टर्स का उपयोग ग्राफिक्स, कार्टून, ऑडियो और वीडियो आदि के रूप में किया जा रहा है। ये सवाल-जवाब हिंदी के साथ-साथ अक्सर बिहार की क्षेत्रीय भाषाओं मैथिली, भोजपुरी, मगही आदि में भी होते हैं। इस कैंपेन में कहने को तो बिजली दीदी अपने वोल्टेज भैया की जिज्ञासा शांत करती हैं, लेकिन वास्तव में वे उपभोक्ताओं की आशंकाओं का निवारण कर रही होती हैं।
कुछ और नमूने देखिए। वोल्टेज भैया पूछते हैं कि ‘क्या प्रीपेड बैलेंस कम होने पर कंपनी उपभोक्ता को कोई सूचना देती है?’ बिजली दीदी बताती हैं कि ‘हां, उपभोक्ता को एसएमएस के द्वारा रिचार्ज करने के लिए सूचित किया जाता है। अगर उपभोक्ता का बैलेंस शून्य से नीचे चला जाता है तो दो दिनों तक लगातार सूचित किया जाता है। उपभोक्ता बिहार बिजली स्मार्ट मीटर एप के द्वारा भी बैलेंस की जानकारी ले सकते हैं।’ बिजली दीदी और वोल्टेज भैया के ऐसे संवाद रोचक ढंग से उपभोक्ताओं को जागरूक कर रहे हैं। इसी कड़ी में बिजली दीदी द्वारा स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगवाने के शुल्क, उसे रीचार्ज करने के तरीकों और सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के समायोजन आदि से संबंधित सवालों के भी विस्तार से जवाब दिये जा रहे हैं।
तो अब देर किस बात की? यदि आपके मन में भी है स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जुड़ा कोई सवाल, तो बीएसपीएचसीएल के ट्विटर एकाउंट @BiharEnergy को टैग करते हुए और हैशटैग #BijliDidi तथा #VoltageBhaiya का प्रयोग करते हुए ट्विटर पर पूछ सकते हैं।
उपभोक्ताओं को जागरूक करने में वोल्टेज भैया और बिजली दीदी निभा रहीं बड़ी भूमिका: संजीव हंस
इस संबंध में ऊर्जा सचिव एवं बीएसपीएचसीएल के सीएमडी श्री संजीव हंस कहते हैं कि बिहार देश का पहला राज्य है जिसने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के निर्देश पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की शुरुआत की। बाद में इसे पूरे देश में लगाने की शुरुआत हुई। बिहार में अभियान चला कर अब तक 5 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाये जा चुके हैं। इस मामले में भी बिहार सभी राज्यों से आगे है। स्मार्ट मीटर के लाभ के बारे में उपभोक्ताओं को जागरूक करने और उनकी शंकाओं के समाधान में दो काल्पनिक कैरेक्टर ‘बिजली दीदी’ और ‘वोल्टेज भैया’ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।