पटना : पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सह बिहार न्यायिक अकादमी के मुख्य संरक्षक संजय करोल एवं पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह बिहार न्यायिक अकादमी के अध्यक्ष अश्विनी कुमार सिंह के निर्देशानुसार आज बिहार न्यायिक अकादमी में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय महिला न्यायाधीश दिवस के उपलक्ष में समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अकादमी में हो रहे ओरियंटेशन प्रशिक्षण में उपस्थित 8 महिला न्यायाधीशों सहित अकादमी में पदस्थापित सहायक निदेशिका को सम्मानित भी किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर अकादमी के निदेशक आलोक कुमार पांडेय ने सभी महिला न्यायाधीशों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। निदेशक महोदय ने महिला न्यायाधीशों के त्याग और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए उनकी उपलब्धियों पर गर्व जताया। इस उपलक्ष में उपनिदेशक अंकुर गुप्ता ने महिला न्यायाधीशों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के मौके पर अकादमी के अपर निदेशक भारत भूषण भसीन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी बिहार न्यायिक अकादमी के प्रशासनिक पदाधिकारी आदित्य पांडेय ने निभाई। वही मंच का संचालन अकादमी की सहायक निर्देशिका सबा आलम ने किया।