शेखपुरा : कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए सबसे बेहतर जाँच माने जाने वाले आरटीपीसीआर पर ग्रहण लग गया है। पूरे राज्य में एक साथ संक्रमण की संख्या बढ़ने के बाद इस जाँच के लिए सैम्पल लेने का काम स्थगित कर दिया गया है। एक सप्ताह पूर्व से भेजी गयी जाँच के परिणाम अभी तक नहीं आने से ऐसे जाँच का नमूना देने वाले लोगो में असमंजस की स्थित भी बनी हुए है। दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर कार्यरत ट्रूनेट मशीन भी खराब रहने के कारण जाँच कार्य प्रभावित हो रहा है। जिले में टेस्टिंग का काम एंटीजन रैपिड किट से किया जा रहा है। कई जाँच केंद्र पर इसकी भी कमी बताई जा रही है। इस सम्बन्ध में अधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी में बताया गया है कि दूसरे लहर के तेज़ी से हमला करने के बाद सरकार के निर्देशों में अधिक से अधिक लोगो की जाँच सैम्पल आरटीपीसीआर से करने का काम शुरू हुआ था। प्रतिदिन लगभग 500 की संख्या में जाँच के लिए नमूने लेकर पटना भेजा जा रहा था। लेकिन एक सप्ताह से इसकी रिपोर्ट नहीं आने और वहां जाँच के नमूने बड़ी संख्या में लम्बित रहने के कारण पटना से सैम्पल भेजने को मना कर दिया गया है।