पटना : देश में कोरोना कहर बरपा रहा है. बिहार में कोरोना वायरस से स्थिति भयावह होते जा रही है. इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है. कोरोना से भाजपा एमएलसी के बेट की मौत हो गई है. महज 28 साल की उम्र में बीजेपी एमएलसी के बेटे की जान गई है. बेटे की मौत के बाद भाजपा नेता के घर चीख-पुकार मची हुई है. घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है.
गुरूवार को कोरोना से कैमूर-रोहतास से भाजपा एमएलसी संतोष सिंह के 28 वर्षीय बेटे प्रिंस सिंह की मौत हो गई. युवा आयु में ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. बताया जा रहा है कि दिल्ली के मेदांता अस्पताल में प्रिंस सिंह का इलाज कराया जा रहा था. जहां उन्होंने आखिरी सांस ली. प्रिंस की मौत के बाद परिजन काफी सदमें में हैं. घर में मातमी सन्नाटा पसरा है. भाजपा नेता संतोष सिंह के करीबियों ने उनके बेटे की मौत पर दुःख जताया है.
गौरतलब हो कि कोरोना वायरस ने आम लोगों के साथ ख़ास लोगों की भी जिंदगी तबाह कर दी है. नेता, मंत्री, जज, अफसर, पुलिसवाले या डॉक्टर हर कोई इसकी चपेट में आ रहा है. गुरूवार को अहले सुबह ये खबर निकल कर सामने आई कि माकपा के दिग्गज नेता सीताराम येचुरी के बेटे आशीष येचुरी की मौत कोरोना से हो गई. आशीष की भी उम्र सिर्फ 34 साल थी. गुरुग्राम के ही मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां अहले सुबह सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली.
बेटे की मौत के बाद सीताराम येचुरी ने अपने बड़े बेटे के निधन की जानकारी ट्वीट करके दी. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि ‘मुझे बेहद दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मैंने अपने बड़े बेटे आशीष येचुरी को कोविड-19 की वजह से आज सुबह खो दिया. मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने हमें आशा दी और जिन्होंने आशीष का इलाज किया. डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्यकर्मी, स्वच्छताकर्मी और अन्य लोग, जो हमारे साथ खड़े रहे.’