बिजली विभाग की लापरवाही ने ली एक महिला व एक बच्चे की जान

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
जमुई (उपेन्द्र तिवारी) : बिजली विभाग की लापरवाही ने एक महिला व एक बच्चे की जान ले ली। ताजा मामला हांसडीह का है जहाँ हाईवोल्टेज तार की चपेट में आने से रीता देवी पति भोला यादव 30 वर्ष व उनके पुत्र अंकुश कुमार 5 वर्ष की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार तीन चार दिन पहले ग्यारह हजार वोल्ट की तार हांसडीह गांव के पश्चिम दिशा में गिर गया था। इसकी जानकारी बिजली विभाग को दी गई थी। बावजूद बिजली विभाग के द्वारा एक तो तार ठीक नहीं किया गया उपर से इस तार से बिजली प्रवाह भी नहीं रोका गया। नतीजतन अपने बच्चे के साथ किसी कार्य से उस ओर गई उक्त महिला व बच्चे की उसके चपेट में आने से जान चली गयी। घटना रविवार के लगभग 11बजे की है। महिला का पति भोला यादव ठेला चलाता है जो घटना के समय घर पर नही था। एक साथ पत्नी और बच्चे की अकाल मौत से उसका रो रो कर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ लखेन्द्र पासवान तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और खराब हो रही स्थिति को बड़ी ही बुद्धिमानी से संभाल लिया। इस अवसर पर श्री पासवान ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाकर थाना में सनहा दर्ज कराया जाएगा। तत्पश्चात दोनों मृतकों के परिजन को चार चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। सूचना मिलते ही जमुई थाना प्रभारी राजेश शरण भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा था।