पटना का कुख्यात अपराधी रवि गोप शादी करने जा रहा था। हल्दी लग चुकी थी। तिलक का रस्म पूरा हो चुका था। शादी के मंडप पर बैठने ही वाला था कि मौके पर STF और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दी। शादी के मंडप में बैठने से पहले ही दूल्हा बने कुख्यात अपराधी रवि गोप को गिरफ्तार कर लिया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते तब तक STF की टीम अपराधी को लेकर पटना के लिए निकल गई। दरअसल, शादी का पूरा कार्यक्रम पटना से दूर अथमलगोला थाना के पास स्थित राकेश विवाह मंडप में चल रहा था। इस बात की जानकारी STF को लग चुकी थी। फुलप्रूफ प्लान के तहत STF ने इस कार्रवाई को रविवार की रात अंजाम दिया।
50 हजार का है इनामी कुख्यात रवि पटना के दीघा के रामजीचक इलाके का रहने वाला है। करीब एक साल पहले इसने दानापुर के नासरीगंज में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तब से यह फरार चल रहा था। इसके ऊपर और भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। सरकार ने इस अपराधी को पकड़ने के लिए 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। लगातार फरार रहने की वजह से पुलिस इसके घर की संपत्ति को कुर्क भी कर चुकी है।
कर रहा था अंतरजातीय विवाह रवि गोप जिस लड़की से शादी करने जा रहा था, वह पटना के ही पाटलिपुत्रा इलाके की रहने वाली है। लड़की दूसरे जात की है। अंतरजातीय विवाह होने वाला था। खास बात यह है कि लड़की और उसके परिवार को रवि गोप की आपराधिक छवि के बारे में पूरी जानकारी थी। पुलिस की नजरों से बचने के लिए ही राजधानी से दूर शादी का पूरा अरेंजमेंट किया गया था। बावजूद इसके पुलिस मौके पर पहुंच ही गई। रवि के चाचा के अनुसार दोनों परिवारों की रजामंदी से ही यह शादी हो रही थी।