जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने आज जिला में सड़क निर्माण की योजना के कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों कार्यकारी एजेंसी के अभियंताओं के साथ बैठक की। सभी पदाधिकारियों को अपने अपने विभाग के माध्यम से सड़क निर्माण की क्रियान्वित की जा रही योजनाओं के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। लॉक डाउन की अवधि में सभी निर्माण कार्य बंद हो गए थे। पुनः इसमें छूट मिलने के बाद योजनाओं का कार्य प्रारंभ हुआ है। जिला पदाधिकारी ने सभी योजनाओं के लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए संशोधित समय सीमा निर्धारित करने का निर्देश संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दिया। जिन योजनाओं में भू-अर्जन/ सतत लीज के तहत जमीन लिया जाना है, इनकी प्रक्रियाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण प्रमंडल बिहार शरीफ को बिहारशरीफ बाईपास एवं नूरसराय सिलाव पथ के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निदेश दिया गया। कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल हिलसा को हिलसा पूर्वी बायपास, हिलसा पश्चिमी बाईपास, एकंगर सराय बाईपास एवं इसलामपुर बाईपास के निर्माण कार्य में प्रगति लाने को कहा गया। NH-30 A में दो-तीन स्थलों पर स्थानीय समस्या के कारण कार्य अपूर्ण है, इन समस्याओं का त्वरित निदान कर कार्य को पूर्ण करने का निदेश दिया गया। बख्तियारपुर-रजौली NH (पुराना NH-31) के चौड़ीकरण एवं विभिन्न स्थलों पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना का क्रियान्वयन तीन खंडों में किया जाएगा। इसके लिए निविदा से पहले की कार्रवाई विभागीय स्तर पर की जा रही है। देवीसराय से तेल्हाड़ा तक सड़क के जीर्णोद्धार कार्य निविदा की प्रक्रिया में है, शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जायेगा। बिहार शरीफ के निर्माणाधीन बाईपास में दो जगहों पर आर ओ बी (रेल ओवर ब्रिज) के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल बिहार शरीफ एवं परियोजना प्रबंधक एनएच 82 को दिया गया। जल जीवन हरियाली अभियान के तहत बहुत सारे तालाबों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है,जिसमें उड़ाही के क्रम में काफी मिट्टी निकल रही है। सुझाव दिया गया कि जिन सड़क परियोजनाओं के लिए मिट्टी की आवश्यकता हो, इन योजनाओं के कार्यस्थल से उपयुक्त मिट्टी का उपयोग कर सकते हैं। बैठक में जिला भू अर्जन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल हिलसा /पथ प्रमंडल बिहार शरीफ, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग, परियोजना प्रबंधक एनएच 82, NH-30 ए सहित एनएचएआई के प्रतिनिधि उपस्थित थे।