शेखपुरा। भाकपा माले के राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत रविवार को शेखपुरा में पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं ने अपने अपने घरों में धरना देकर राज्यव्यापी विरोध दिवस मनाया। इस अवसर पर माले के जिला सचिव विजय कुमार विजय,माले नेता कमलेश कुमार मानव, कमलेश प्रसाद, शिवनंदन यादव, राजेश कुमार राय, राम कृपाल सिंह, राजेंद्र पासवान, सूबेलाल कुमार, तेतरी देवी, महेश पासवान, कृष्णनंदन चौहान सहित दर्जनों पार्टी के नेता व कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में धरना पर बैठे। इस मौके पर कमलेश कुमार मानव ने बताया कि पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो गया है और कोविड-19 के कारण पंचायत चुनाव टाल दिया गया है। और बिहार सरकार पंचायतों का अधिकार नौकरशाहों को देना चाह रही है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो यह अलोकतांत्रिक फैसला होगा। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का अधिकार 6 माह के लिए बढ़ाया जाना चाहिए। अगर इसके लिए अध्यादेश लाना पड़े तो लाना चाहिए। उन्होंने कोविड-19 से मुकाबला के लिए जनप्रतिनिधियों को भी अधिकार देने की मांग सरकार से की।