शेखपुरा / बरबीघा : रविवार को जिले के बरबीघा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे गजानंद शाही उर्फ मुन्ना शाही पटना स्थित सदाकत आश्रम पहुंचकर कांग्रेस में विधिवत शामिल हो गए। मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री श्याम सुंदर सिंह धीरज , सदानन्द सिंह सहित अन्य मौजूद थे। मालूम हो कि गजानंद शाही सिटिंग विधायक रहते हुए गत 2015 के विधान सभा चुनाव में उनका पार्टी टिकट काटकर गठबंधन की राजनीति के तहत कांग्रेस के विधायक सुदर्शन कुमार को दिया गया था। वर्तमान में कांग्रेस छोड़कर सुदर्शन कुमार जदयू में शामिल हो गए।वहीं गजानंद शाही कांग्रेस में शामिल होकर बरबीघा की राजनीति को उलट-पुलट कर दिया है। गजानंद शाही बरबीधा की राजनीति में खासी पकड़ रखते हैं और विधायक नहीं रहते हुए भी लगातार क्षेत्र के लोगों से संपर्क बनाए रखना और गांव गांव आते जाते रहना इनकी खासियत रही है। इससे लोगों में इनकी काफी चर्चा हो रही है। उधर गजानन्द शाही के कांग्रेस में शामिल होने के दौरान स्थानीय नेताओं में पूर्व मुखिया डॉ दीपक कुमार, पूर्व मुखिया श्यामसुंदर सिंह उर्फ भोला सिंह ,जदयू के पूर्व नेता शंभू सिंह, युवा जदयू के पूर्व जिला महासचिव मिंटू कुमार सहित कई लोग शामिल थे। उधर पूर्व विधायक गजानन्द शाही को कांग्रेस में शामिल होने पर कांग्रेस सहित महागठबंधन के कई नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।