पटना : बिहार दिवस पर ऊर्जा विभाग के स्टाल पर बदलते बिहार और ऊर्जावान बिहार की तस्वीर स्पष्ट रूप से दिखाई दी।बिहार स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने में न पूरे देश में अव्वल नम्बर पर है बल्कि ऊर्जा क्षति को भी नियंत्रित कर रहा है।
मेले में स्टाल पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर की जानकारियों से संबंधित सूचना को लेकर सर्वाधिक फुट्फॉल रहा।सभी लोग स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जुड़ी बातों को जान कर संतुष्ट दिखे।मेले में तैनात बीएसपीएचसीएल के पदाधिकारी और कर्मचारीगण भी लोगों के बिजली और स्मार्ट प्रीपेड मीटर से संबंधित प्रश्नों के जवाब तत्परता से देते नजर आए, जिसके कारण उपभोक्ता अपने घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगवाने को उत्सुक दिखे।
बीएसपीएचसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंधनिदेशक संजीव हंस ने ऊर्जा परिवार की ओर से बिहार दिवस की बधाई देते हुए कहा कि ऊर्जस्वित बिहार अपने बिजली की जरूरतों को पूरा करने के लिए कृतसंकल्प है। ऊर्जा बचाने में प्रत्येक उपभोक्ता आगे आ रहा है। जिसके परिणामस्वरूप स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने में बिहार अव्वल है और अब तक 6 लाख से अधिक मीटर लग चुके हैं। दिसंबर 2022 तक बिहार में 23 लाख स्मार्ट मीटर लग जायेंगे। मेले में लोग स्मार्ट मीटर से संबंधित बातों को जान न केवल अपनी जिज्ञासा शांत कर रहे हैं बल्कि संतुष्ट होकर जल्द से जल्द स्मार्ट प्रीपेड लगाने की मांग भी कर रहे हैं। यह सबसे अच्छी बात है। लोगों की मांग को देखते हुए हम स्मार्ट प्रीपेड मीटर के लगाने के लक्ष्य को समय से पहले हासिल कर लेंगे।
मेले में बीएसपीएचसीएल के सिटीजन आउटरीच कार्यक्रम के तहत स्मार्ट बिहार, स्मार्ट बिजली खपत पर चर्चा हुई। इसी बातचीत के दौरान बीएसपीएचसीएल के प्रोटोकॉल ऑफीसर ख़्वाजा जमाल ने कहा कि बिहार आज बदल चुका है। सभी को मालूम है कि बिजली की खपत कैसे करनी है। आज बिजली उपभोक्ता अपने हर यूनिट का हिसाब रखता है और बिजली के दुरुपयोग से बचता है। महिलाएं भी बिजली बचाने में सबसे आगे आ रही हैं क्योंकि घर चलाने और बिजली की बचत करने में महिलाओं का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है।
सिटिजन आउटरीच की चर्चा में भाग लेते हुए पाटलिपुत्र डिवीजन के सहायक अभियंता अमित कुमार ने कहा कि स्मार्ट मीटर के लगने से बिहार के उपभोक्ता स्मार्ट हो गए हैं तथा अब वे खुद बिहार बिजली सुविधा एप के माध्यम से आसानी से बिल को नियंत्रित कर रहे हैं और अपने घर के बजट के अनुसार बिजली का उपयोग कर रहे हैं। लोगों के जागरूक होने से बिजली की खपत स्मार्ट रूप से की जा रही है। अब घर में बिजली के दुरुपयोग की संभावना कम हो गई है।
सिटीजन आउटरीच कार्यक्रम में काफी लोगों ने भागीदारी की। सभी लोगों ने बीएसपीएचसीएल के कामों की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में स्मार्ट मीटर के लगने से बिजली क्षेत्र में न केवल चोरी रुकेगी बल्कि बिजली का दुरुपयोग भी कम होगा।
स्टॉल पर आए उपभोक्ताओं का कहना था कि बिहार में बिजली की आधारभूत संरचना में वृद्धि हुई है। पटना के आशियाना डिवीजन को शत् प्रतिशत स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर देश में पहला स्थान मिलने की घोषणा की फोटो को देखकर जहां लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे थे, वहीं बाढ़ के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विकट परिस्थितियों में पॉवर वॉरियर के काम करने वाले फोटो भी उनका ध्यान आकृष्ट कर रहे थे। नासा द्वारा जारी जगमगाते बिहार की फोटो भी लोगों के लिए चर्चा का विषय था।