दुर्गा पूजा को लेकर इसलामपुर में प्रशासनिक निरीक्षण व बैठक, समितियों को दिए गए दिशा-निर्देश

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क
इसलामपुर: दुर्गा पूजा के मौके पर शांति-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को इसलामपुर क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों और मंदिरों का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान भीड़भाड़ की संभावना वाले गलियों और संवेदनशील इलाकों की विशेष समीक्षा की गई।
निरीक्षण के बाद इसलामपुर नगर परिषद सभा कक्ष में पूजा समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिलसा के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 (SDPO-2), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचल पदाधिकारी (CO), कार्यपालक पदाधिकारी (EO) और थाना अध्यक्ष (SHO) इसलामपुर सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पूजा समितियों को पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पंडालों में अग्निशमन और आपातकालीन व्यवस्था दुरुस्त रखें, सीसीटीवी कैमरा और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें, भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवक तैनात करें तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त और निगरानी भी बढ़ा दी जाएगी। #janadeshnews#nalanda#durgapooja