स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में लगी भीषण आग, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जलकर राख

बेगूसराय
जनादेश न्यूज़ बेगूसराय
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में स्थित स्टेट बैंक के मुख्य शाखा में अचानक आग लग गई. अगलगी की घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. हालांकि घटना की सूचना पर मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस पहुंच गई.घटना नगर थाना क्षेत्र के नगर निगम चौक स्थित स्टेट बैंक के मुख्य शाखा की है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि स्टेट बैंक के मुख्य शाखा में सुबह अचानक धुआं उठना शुरू हो गया. लोगों ने जैसे ही धुंआ निकलते देखा इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई. मौके पर नगर थाने की पुलिस पहुंचकर अगलगी की सूचना दमकल कर्मी को दी.सूचना पाकर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गई. लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि आग बुझाना मुश्किल हो गया. हालांकि आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
इस घटना में तकरीबन एक करोड़ से अधिक संपत्ति जलकर राख हो गई है. फिलहाल बेगूसराय के सदर डीएसपी राजन सिन्हा मौके पर पहुंच चुके हैं. इस घटना पर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं आया है. माना जा रहा है कि शॉर्ट-सर्किट के कारण ही आग लगी होगी.