जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण हेतु बिहार शरीफ अनुमंडल को 4 लाख, हिलसा अनुमंडल को 3.5 लाख एवं राजगीर अनुमंडल को 2.5 लाख रुपये का आवंटन उपलब्ध कराया गया है। बढ़ती ठंढ को लेकर जिलाधिकारी के निदेशानुसार सभी अनुमंडलों द्वारा जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी बिहाशरीफ द्वारा आज बिहार शरीफ नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न मार्ग एवं क्षेत्र में कई जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। बिहारशरीफ अनुमंडल पदाधिकारी के साथ जिला आपदा शाखा प्रभारी अभिषेक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बिहारशरीफ द्वारा रेलवे स्टेशन के पास कल्याणपुर महादलित टोला, कारगिल चौक के पास झुग्गियों में एवं सड़क किनारे पाए गए लगभग 50 जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। अन्य स्थलों पर भी कंबल वितरण लगातार किया जाएगा। बढ़ती कनकनी को लेकर जिलाधिकारी ने सभी अंचलों एवं नगर निकायों में महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन अलाव जलाने का स्पष्ट रूप से निदेश दिया है। सभी अंचलाधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को प्रतिदिन संध्या में चिन्हित स्थलों पर अलाव की व्यवस्था प्रतिदिन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है। जिला आपदा शाखा को प्रतिदिन सभी अंचलों से प्रतिवेदन प्राप्त करने का निदेश दिया गया है।