बिहार चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार प्रसार आज थम जाएगा. दूसरे चरण में राज्य के 94 सीटों पर वोटिंग है. एक ओर जहां एनडीए के कई मंत्रियों की साख दांव पर है, वहीं राजद के नेता तेजस्वी और तेजप्रताप के किस्मत का फैसला भी इसी चरण के चुनाव में होगा. चुनाव प्रचार के अंतिम दिन होने के कारण आज सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है. पीएम मोदी आज बिहार में रैली कर रहे हैं. छपरा में रैली करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्तीपुर में रैली कर विपक्ष को निशाने पर लिया. कहा कि सरदार साहब ने पूरा जीवन सिर्फ और सिर्फ देश के लिए लगाया की नहीं? सरदार साहब कांग्रेस पार्टी के थे कि नहीं? फिर भी कांग्रेस पार्टी कल सरदार पटेल की जन्म जयंती पर उनका स्मरण तक नहीं किया. उन्होंने कहा कि आप मुझे बताइए, जंगलराज की विरासत, जंगलराज के युवराज क्या बिहार में उचित माहौल का विश्वास दे सकते हैं?
जो वामपंथी, नक्सलवाद को हवा देते हैं, जिनका उद्योगों और फैक्ट्रियों को बंद कराने का इतिहास रहा है, वो निवेश का माहौल बना सकते हैं क्या? पीएम मोदी ने कहा, इन लोगों को गरीब की परेशानी, उसकी मुसीबतों से कोई लेना देता नहीं है. इन्हें गरीब सिर्फ और सिर्फ चुनाव में याद आते हैं. जब चुनाव आते हैं तो ये माला जपना शुरू कर देते हैं- गरीब, गरीब, गरीब… जब चुनाव पूरा हुआ तब ये बस अपने परिवार का कुनबा लेकर बैठ जाते हैं.