बिपार्ड द्वारा बिहार शिक्षा सेवा के पदाधिकारियों को राजगीर में दिया जायेगा आवासीय प्रशिक्षण,6 जून से 27 अगस्त तक होगा प्रशिक्षण

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नालंदा
—————————————
बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), पटना द्वारा बिहार शिक्षा सेवा (प्रशासन उप संवर्ग) के नवनियुक्त 35 पदाधिकारियों का आवासीय प्रशिक्षण राजगीर में आयोजित किया जा रहा है।
 प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 जून से 27 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।
 सभी पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था आरआईसीसी राजगीर में की जा रही है। आवासन के लिए राजगीर में अलग से व्यवस्था की गई है।
प्रशिक्षण के कार्यक्रम हेतु बिपार्ड द्वारा की जाने वाली व्यवस्था में आवश्यक सहयोग के लिए जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर द्वारा अपर समाहर्ता श्री नौशाद अहमद की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। इस समिति में नजारत उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जिला प्रबंधक आईटी आदि शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बिपार्ड द्वारा आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा पदाधिकारियों को बिपार्ड के साथ समन्वय स्थापित रखते हुए व्यवस्था में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
 बैठक में अपर समाहर्त्ता, नजारत उपसमाहर्त्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जिला प्रबंधक आईटी आदि शामिल थे।