रजौली (नवादा) प्रखंड क्षेत्र में विगत एक सप्ताह से बढ़ती महंगाई ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। रोजाना की जरूरत वाली सब्जियों के दाम आसमान छूने से बजट बिगड़ गया है।वहीं खाद्य सामग्रियों के दाम बढ़ जाने से लोग परेशान हैं।सबसे अधिक असर सब्जियों पर दिखाई दे रहा है।करीब महीने भर के अंतराल में कई सब्जियों के रेट दोगुने हो गए हैं।दाल,चीनी,आटा,तेल,बेसन, रिफाइन के दाम भी बढ़ जाने से लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।पहले गर्मी और फिर बरसात से सब्जियों पर बेहद असर पड़ा है। सब्जियों के रेट लगातार बढ़ते जा रहे है।महीने भर पहले तक किलो के भाव से बिकने वाली सब्जियां फिलहाल पावभर के हिसाब से बिक रही हैं।टमाटर तो तड़का और सलाद से गायब होने लगा है।बेशक लोग मजबूरीवश सब्जियां खरीद रहे हैं, मगर यह महंगाई का ही नतीजा है कि सब्जी मंडी में रौनक कम हो गई है।पिछले कुछ दिनों से दाल रोटी तो दूर की बात है अब तो चटनी बनाना भी पहुंच से बाहर होता जा रहा है। टमाटर और धनिया के दाम काफी बढ़ गए हैं।रजौली के स्थानीय निवासी अंजली सिंह,काजल देवी,आरती देवी,सीमा वर्मा,गीता देवी गीता देवी,सुरेश यादव,अशोक साव सहित अन्य लोगों ने कहा कि दाल और सब्जियां महंगी हो गई हैं। शहरीकरण हो जाने दूध-दही तो लगभग थाली से पहले से गायब है। दाल-रोटी खाने की कहावत अब बीती बात होने लगी है।गरीब तबके के लोगों को इस महंगाई में दो वक्त की रोटी के लिए भी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।पुरानी बस स्टैंड के सब्जी विक्रेता रामचंद्र मालाकार ने कहा की
गाड़ी का किराया भी बढ़ गया है। दूसरी वजह यह भी है कि बारिश का मौसम शुरू होने के साथ ही सब्जियां अधिक खराब हो रही है।जिससे आधा माल तो व्यापारियों का खराब ही हो जाता है।साथ ही किसानों के खेतों में भी बारिश से सब्जी की फसलें खराब होना शुरू हो गई हैं। जिसके वजह से लगातार सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं।
रजौली के मंडी में सब्जी के भाव
टमाटर-70 से 80 रुपये,किलो,बैंगन-60 रुपये किलो,भिंडी -50 रुपये किलो,प्याज-35 से 40 रुपये किलो,आलू- 35 से 40 रुपये किलो,करेला-50से 60 रुपये किलो,धनिया पत्ती-250 रुपये किलो बिक रहा है।
रजौली में अनाज के भाव-रिटेल
अरहर दाल-100 से 110 रुपये किलो,मसूर दाल-70 से 80 रुपये किलो,उड़द-80 रुपये किलो,चना दाल-80 रुपये किलो,बेसन-80 रुपये किलो,चीनी-40 रुपये किलो,आटा-32 रुपये किलो,सरसों तेल-110 रुपये लीटर,रिफाइन-110 रुपये लीटर,वनस्पति डालडा-110 रुपये लीटर है।