जिलाधिकारी के जनता दरबार में लगी फरियादियों की लंबी कतार।

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
जमुई( अवधेश कुमार सिंह /कुमोद रंजन) जिला समाहरणालय परिसर के जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार में आए सभी फरियादियों की फरियाद सुनी गई। फरियादी जकी अनवर, ग्राम पिपराडीह, झाझा निवासी ने अपने भाड़ेदार राजेंद्र अग्रवाल के द्वारा मकान खाली नहीं करने तथा हथियाने की नियत रखने का आरोप लगाया। मोहम्मद यूसुफ अंसारी पेसर स्वर्गीय उस्मान अंसारी, भगवाना, जमुई निवासी ने अपनी गरीबी का रोना रोते हुए अज्ञात अपराधियों के द्वारा अपने घर तथा धान के पुंज में आग लगाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई। सोनाक्षी हेंब्रम, ग्राम पनारी, चरका पत्थर निवासी ने अपने पिता मस्सी हेंब्रम, जो मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं और शराबी हैं,के ऊपर पैतृक जमीन को बेचने से रोकने की गुहार लगाई, की वह जमीन ही जीविकोपार्जन का एकमात्र साधन है। चकाई प्रखंड निवासी ने सामूहिक रूप से सात निश्चय योजना की राशि वार्ड सदस्य एवं वार्ड सचिव द्वारा मनमाने ढंग से रुपया निकालने व घटिया स्तर से विकास कार्य करवाने का आरोप लगाया, साथ ही मामले की यथाशीघ्र जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई। अन्य फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्या को लेकर जिलाधिकारी के जनता दरबार में न्याय की आस लगाई। इस मौके पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी प्रतिमा कुमारी,अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सीमा कुमारी तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को जल्द समस्या निस्तारण का निर्देश दिया।