जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर हुई गोलीबारी पिता-पुत्र समेत तीन की मौत कई पुलिसकर्मी भी चोटिल, घटना में शामिल सेना का जवान गिरफ्तार

मुंगेर
जनादेश न्यूज़ बिहार
मुंगेर : बिहार के मुंगेर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में दर्जनों राउंड चली गोलियों से हड़कंप मच गया। इस फायरिंग में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। करीब आधा दर्जन लोग घायल हैं। घायलों में पुलिस के जवान भी शामिल हैं। वहीं घटना के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक गिरफ्तारी भी हुई है।
मामला कासिम बाजार थाना इलाके के मुखबिरा चयां टोला का है। शुक्रवार देर शाम दो पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक पक्ष से जयजयराम साह, उसका बेटा कुंदन साह है जबकि दूसरे पक्ष से मोहन महतो का 18 वर्षीय पुत्र सागर बिंद शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, करीब 2 घंटे तक हुई फायरिंग की सूचना मिलते ही चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। इस दौरान पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। इस मामले में आर्मी के जवान को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद चयां टोला में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण दहशत में है।
बताया जा रहा कि शुक्रवार की दोपहर भी इसी मामले को लेकर दोनों पक्ष के बीच मारपीट हुई थी। जिसके बाद रात में अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इनमें एक थाना अध्यक्ष, एक SI, एक कॉन्स्टेबल शामिल हैं। हालांकि इस मामले में एसडीपीओ सदर नंदजी प्रसाद ने घटना में तीन लोगों की मौत होने और आर्मी के जवान की गिरफ्तारी की भी पुष्टि की है। साथ ही बताया की प्रथम दृष्टा में हत्या का कारण जमीनी विवाद प्रतीत होता है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।