दैनिक जनता दरबार में जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने आज 15 लोगों की समस्याओं को सुना तथा समस्याओं के निदान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निदेश दिया गया।
परबलपुर के एक आवेदक द्वारा अतिक्रमण वाद में आदेश के बाबजूद अतिक्रमण नहीं हटाये जाने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता हिलसा को दूरभाष पर त्वरित कार्रवाई का निदेश दिया।
एक आवेदक द्वारा उनकी पुश्तैनी जमीन का रसीद उनके नाम से काटे जाने का अनुरोध किया गया।जिलाधिकारी ने उन्हें पहले दाखिल खारिज हेतु ऑनलाइन आवेदन करने को कहा।
एक अन्य आवेदक द्वारा वर्षों पूर्व से कायम रास्ते की निजी जमीन की घेराबंदी संबंधित व्यक्ति द्वारा किये जाने के कारण रास्ता बाधित होने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई का निदेश दिया।
एक आवेदिका द्वारा वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिलाने का अनुरोध किया गया। जिलाधिकारी ने सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग को कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कुछ मामलों की सुनवाई लोकशिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत सुनिश्चित करने हेतु जिला लोकशिकायत निवारण पदाधिकारी को निदेश दिया गया।
अन्य आवेदनों को भी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को भेजते हुए समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।