आदर्श मध्य विद्यालय जमुआवां में भारत स्काउट और गाइड का सात दिवसीय द्वितीय सोपान के प्रशिक्षण की शुरुआत

नवादा
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क
प्रदीप कुमार की रिपोर्ट
वारिसलीगंज (नवादा): आदर्श मध्य विद्यालय जमुआवां में भारत स्काउट और गाइड का सात दिवसीय द्वितीय सोपान का प्रशिक्षण का आज दूसरा दिन है। इस प्रशिक्षण का नेतृत्व विद्यालय प्रधान रविकांत कुमार एवं कब यूनिट के लीडर वरीय शिक्षक अरविंद कुमार कर रहे हैं। राज्य पुरस्कार से सम्मानित प्लास्टिक वैरियर्स सौरव गिरी, जिला प्रशिक्षक मुरलीधर एवं राजीव कुमार प्रशिक्षक की भूमिका में हैं। इस प्रशिक्षण में बच्चों को पिरामिड बनाना, टेंट पिचिंग, कंपास, अनुमान लगाना, आग जलाना व आग बुझाना,ध्वज बांधना, रस्सी का गांठ बनाना, बिना बर्तन का खाना बनाना, प्राथमिक उपचार व आपदा में सहायता, अनुशासन एवं समाज सेवा के साथ-साथ परेड इत्यादि सिखाने का कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित जिला संगठन आयुक्त श्री राजीव कुमार इस प्रशिक्षण का गहनता से निरीक्षण कर रहे थे। मौके पर इनके द्वारा प्रशिक्षकों को कुछ आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया गया।
इस प्रशिक्षण में एकल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने को लेकर विद्यालय के बच्चों एवं शिक्षकों ने जिला कोऑर्डिनेटर के नेतृत्व में सामूहिक रूप से शपथ भी लिया।
शिक्षक अरविंद कुमार ने विद्यालय में आये कुछ बच्चों के अभिभावकों को भारत स्काउट और गाइड के प्रशिक्षण से होने वाले लाभ के बारे में अवगत कराते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण को प्राप्त करने के बाद जो सर्टिफिकेट प्राप्त होता है उसके आधार पर अच्छे विद्यालयों में नामांकन व सरकारी सेवाओं में विशेष लाभ तो मिलता ही है एक शानदार व्यक्तित्व का निर्माण भी होता है। इन्होंने बताया कि लगभग 8 वर्षों से विद्यालय में भारत स्काउट और गाइड का प्रतिक्षण चल रहा है। अब तक लगभग 500 छात्र छात्राओं को प्रथम सोपान व 350 विद्यार्थियों को द्वितीय सोपान का प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि वर्तमान सत्र में 125 बच्चे द्वितीय सोपान का प्रशिक्षण ले रहे हैं। आगे की रणनीति के बारे में इनके द्वारा बताया गया कि जल्द ही तृतीय सोपान भी यहां के बच्चों को कराये जाने के साथ-साथ विद्यालय के सभी बच्चों को आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होने तक भारत स्काउट और गाइड का प्रशिक्षण दिया जाने का लक्ष्य है। इस प्रशिक्षण में विद्यालय की शिक्षिका श्यामली सिन्हा, शिक्षक आफताब आलम, विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव राखी देवी, वर्तमान अध्यक्ष उपेंद्र कुमार, पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार व सेवानिवृत्त पूर्व प्रधानाध्यापक श्री सुरेश चौधरी सक्रिय भूमिका में उपस्थित रहे ।