हड़ताल पर गए प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को हड़ताल तोड़कर कर विद्यालय मे योगदान देने की चेतावनी

शेखपुरा
जनादेश न्यूज़ शेखपुरा
शेखपुरा : जिले में हड़ताल पर गए प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को हड़ताल तोड़कर कर विद्यालय मे योगदान देने की चेतावनी जारी की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इस संबंध में पत्र लिखकर सभी शिक्षकों को अविलंब योगदान देने का निर्देश दिया है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कोरोना वायरस के संक्रमण से लड़ने को लेकर सरकार द्वारा किसी प्रकार के आने वाले दिनों में वेतन वृद्धि की संभावना नहीं है। सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर नियमित शिक्षकों और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को भी अगले डेढ़ साल के लिए स्थगित कर दिया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जारी पत्र में इन सभी शिक्षकों को अपने हित में हड़ताल तोड़ने की सलाह दी है. तीन माह तक लगातार सेवा से दूर रहने पर इनकी सेवा में टूट मानी जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सलाह दी है कि अभी कार्य पर वापस आने से इनकी सेवा में टूट नहीं मानी जाएगी। उन्होंने सभी शिक्षकों को अपने-अपने नियोजन इकाई के सामने योगदान देने को कहा है। इस संबंध में उन्होंने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को भी पत्र लिखा है। पत्र में सभी शिक्षकों का योगदान लेने और उन्हें हड़ताल तोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए निर्देश दिया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षकों का योगदान टेलीफोन या व्हाट्सएप पर नहीं लेने का निर्देश दिया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रखंड और संसाधन केंद्रों को लॉक डाउन के नियमों का अनुपालन करते हुए खोले जाने का भी निर्देश दिया है।