शेखपुरा । कोरोना वाईरस के संक्रमण को रोकने हेतु केंद्र सरकार द्वारा शेखपुरा सहित पूरे देश मे किये गए लॉक डाउन के दौरान राशन से जूझ रहे सभी राशन कार्डधारियों को फिलहाल एक माह का खाद्यान्न अलग से मुफ्त मुहैया कराने के उद्देश्य से इस जिला को 23 सौ क्विंटल चावल उपलब्ध कराया गया है। इस बाबत नये जिला आपूर्ति पदाधिकारी के रूप में अतिरिक्त पदभार लिए अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी हरिशंकर राम ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के तहत उपलब्ध कराये गए खाद्यान्न का उठाव सोमवार से किया जाएगा।राशन कार्डधारियों को पूर्व से मिलनेवाले चावल गेहूं के अलावा प्रति यूनिट के दर से पीडीएस डीलर 5 किलो चावल मुफ्त में उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ कार्डधारियों को अगले तीन माह तक उपलब्ध कराया जाना है । लेकिन अभी इस जिला को एक माह का ही खाद्यान्न मिला है। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर कार्डधारियों के बीच बंटनेवाले खाद्यान्न के साथ ही अलग से मुफ्त का भी चावल वितरित किया जाएगा। डीलरों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वितरण के समय पोस मशीन का लगातार सेनेटराइज करना है। लाभुक का हाथ धुलाई करने के साथ -साथ एक मीटर की दूरी आपस मे रखवाना है। डीएसओ सह एडीएम ने बताया कि मुफ्त में वितरण की जानेवाले इस खाद्यान्न के वितरण कार्य पर निगरानी रखने हेतु डीएम इनायत खान के द्वारा जिलास्तर पर 18 जोनल अधिकारी के नेतृत्व में निगरानी टीम गठित किया गया है। जो खाद्यान्न वितरण के दौरान घूम घूमकर वितरण कार्य पर पैनी नजर रखेंगे।