भारत ने नए मामलों में दुनिया का रिकॉर्ड तोड़ा, 24 घंटे में मिले 3.15 लाख संक्रमित, 2,101 लोगों की मौत

देश
जनादेश न्यूज़ सेंट्रल डेस्क
भारत ने एक दिन में कोरोना के केसों का नया रिकॉर्ड बनाया, इससे पहले अमेरिका में जनवरी में दूसरी लहर के बीच टूटा था रिकॉर्ड।
: भारत में कोरोनावायरस की दूसरी लहर का कहर जारी है। पिछले दो हफ्तों से देश में लगातार नए केसों और मौतों के रिकॉर्ड बन रहे हैं। अब पिछले 24 घंटे में भारत ने नए मामलों में दुनिया का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कोरोना के आंकड़े रखने वाली वेबसाइट Covid19India.org के मुताबिक, इस दौरान देश में 3.15 लाख से ज्यादा केस आए हैं, जबकि
इस दौरान 2,101 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
लगातार दूसरे दिन दो हजार से ज्यादा मौतें दर्ज की गईं। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में 8 जनवरी को आए थे। तब वहां 3 लाख 7 हजार 570 केस मिले थे।
हालांकि, संक्रमितों की संख्या बढ़ने के मामले में भारत ने सभी देशों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अमेरिका में दूसरी लहर के बीच हर दिन मिलने वाले केस दो लाख से तीन लाख पहुंचने में 38 दिन का समय लगा था। जबकि भारत में इसमें सिर्फ एक हफ्ते ही लगे हैं। भारत में पहली बार 15 अप्रैल को 2 लाख से ज्यादा केस दर्ज हुए थे।