राजगीर : नालंदा और राजगीर में उपभोक्ताओं को स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विषय में जागरूक करने हेतु नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नालंदा सर्किल के बड़गांव एवं राजगीर में नुक्कड़ नाटक ‘लगे स्मार्ट, लगाएं स्मार्ट’ का मंचन खुले आसमान के नीचे किया गया, दर्शकों ने तालियों से सभी कलाकारों को प्रोत्साहित किया। नाटक के माध्यम से स्मार्ट मीटर के विशेषताओं एवं उससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया गया। नाटक में स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जुड़े हर पहलू का जिक्र किया गया ताकि उपभोक्ता गलतफहमी का शिकार न हों। तमाम कलाकारों ने अपने अभिनय में हास्य व्यंग्य का इस्तेमाल करते हुए जिस चुटिले अंदाज में स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया गया।
नालंदा सर्किल के अधीक्षण अभियंता श्री सुशील कुमार ने कहा कि अब उपभोक्ताओं के पुराने मीटर को स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बदला जा रहा है। यह अभियान पूरे बिहार में चल रहा है। हमलोग भी इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाएं और नालंदा जिला को सर्वप्रथम स्थान दिलाए।
बीएसपीएचसीएल के सीनियर प्रोटोकॉल ऑफिसर श्री ख्वाजा जमाल ने कहा कि नाटक के जरिये यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर उनके लिए हर दृष्टिकोण से लाभप्रद है। सभी के लिए स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है, अन्यथा वे बिलिंग साइकिल से हटा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के स्मार्ट प्रीपेड मीटर इंस्टाल किया जाता है, इंस्टालेशन के बाद बिजली बिल जमा करने के लिए ऑफिस का चक्कर नहीं लगाना पड़ता, घर बैठे आराम से रिजार्च किया जा सकता है, जब चाहे तब बिजली खपत की जांच कर सकते हैं, एक मुश्त रकम जमा करने पर बैंकों से भी ज्यादा ब्याज प्राप्त करने का अवसर मिलता है, कम बैलैंस, डिस्कनेक्शन और अन्य जानकारियों के लिए निरंतर संदेश भेजे जाते हैं, छुट्टियों के दिन में या रात में बैलेंस खत्म होने के बाद भी बिना रुकावट बिजली मिलती रहती है, बिजली सिर्फ कार्य दिवस के दौरान दिन में 10 बजे से 1 बजे की बीच काटी जाती है।
नाटक के दौरान कार्यपालक अभियंता श्री सन्नी कुमार, नालंदा सब डिवीजन के सहायक विद्युत अभियंता श्री पवन कुमार, राजगीर सब डिवीजन के सहायक विद्युत अभियंता मो. इंतजार आलम एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी काफी उत्साहजनक रही। कलाकारों ने अपने अपने अभिनय और संवादों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नालंदा रूरल प्रमंडल में कुल 6.50 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने हैं जिसमें से अब तक कुल 4700 मीटर इंस्टॉल किए जा चुके हैं।