मसौढ़ी: पटना-गया रेलखंड के तारेगना रेलवे स्टेशन पर दैनिक यात्री संघ ने बंद ट्रेनों के संचालन शुरू करने और रेल भाड़े को कम करने समेत 6 सूत्री मांगों को लेकर घंटों प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कारियों का कहना है कि ट्रेन कम संचालित होने से यात्रियों को काफी दिक्कत होती है. इसलिए पटना-गया रेल खंड पर चलने वाली सभी गाड़ियां जल्द संचालित की जाये. उन्होंने रेलमंत्री और रेल अधिकारियों को मांग नहीं मानने पर रेल ट्रैक जाम करने की चेतावनी दी है. कोविड-19 के खतरे को देखते हुए रेलवे ने विभिन्न मार्गों पर ट्रेनों की संख्या काफी कम कर दी गयी है. वहीं, जो ट्रेन संचालित हो रही हैं, उनके भाड़े में वृद्धि कर दी गयी थी. जिससे यात्रियों को यात्रा करने के लिए कई बार टिकट नहीं मिल पा रहा है. वहीं, भाड़े बढ़ोतरी होने से कोरोना काल में जेब ढीली हो रही हैं. जिसको देखते हुए आज पटना-गया रेलखंड के तारेगना रेलवे स्टेशन पर दैनिक यात्री संघ के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने रेलवे से सभी ट्रेनों को संचालित करने और बढ़े हुए भाड़े का कम करने की मांग की.दैनिक यात्री संघ के सचिव नागेंद्र नाथ शर्मा ने बताया कि पटना-गया रेलखंड में ट्रेन की संख्या कम रहने से ट्रेनों में भेड़ बकरियों की तरह लदकर लोग यात्रा कर रहे हैं. विभिन्न हॉल्टों पर ट्रेन का ठहराव नहीं हो रहा है. इसके अलावा स्पेशल ट्रेन के नाम पर यात्रियों से टिकट के दोगुना दामों की वसूली हो रही है. जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. जिससे मजबूरन पटना गया रेलखंड के दैनिक यात्री संघ को विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है. अगर मांग पूरी नहीं हुई तो जल्द ही व्यापक आंदोलन करने की चेतावनी दी।