रेसिडेंशियल स्कूल में घुसकर चोरी और आगजनी

शेखपुरा
जनादेश न्यूज़  शेखपुरा
अरियरी : बीती रात्रि अज्ञात बदमाशों ने स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत जखौर गांव के समीप शेखपुरा – शाहपुर मुख्य सड़क मार्ग पर अवस्थित एक रेसिडेंशियल स्कूल में घुसकर चोरी और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। इस घटना में स्कूल संचालक एवम बरबीघा प्रखण्ड के महमदा गांव निवासी आर्यन को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचा है। पीड़ित स्कूल संचालक ने घटना के सम्बंध में एक लिखित शिकायत अरियरी थाना पुलिस से की है।
सूत्रों ने बताया कि कोरोना वाईरस के संक्रमण के नद्देनजर यह स्कूल महीनों से बन्द था। सुनसान जगह पर स्कूल रहने के कारण बदमाश गण स्कूल के पिछवाड़े से छत पर फांदकर स्कूल के ऑफिस में आ घुसे और कार्यालय के अंदर आग लगा दी। जिससे सारी कुर्सियाँ , टेबल आदि फर्नीचर और कागजात जलकर राख हो गया। बदमाशों ने स्कूल के बोरिंग का समरसेबल और पाइपों को भी बोरिंग से निकाल कर चुरा लिया। पीड़ित स्कूल संचालक ने बताया कि गत नवम्बर माह में भी चोरों ने स्कूल में घुसकर दो बार चोरी की घटना को अंजाम दिया था और स्कूल से कीमती बैटरी , इन्वर्टर व नकदी चुरा लिया था। हालांकि पूर्व में घटित घटना के सम्बंध में थाना पुलिस को कोई सूचना नही दी गई थी।