मुख्यमंत्री ने बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं कॉग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व० सदानंद सिंह के श्राद्धकर्म में लिया भाग, तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

पटना
जनादेश न्यूज़ पटना
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं कॉग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व० सदानंद सिंह के श्राद्धकर्म में शामिल हुये। मुख्यमंत्री आज पटना से स्व० सदानंद सिंह के भागलपुर जिले के कहलगांव स्थित आवास पहुँचकर उनके तैलचि पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने स्व० सदानंद सिंह के पुत्र श्री शुभानंद मुकेश सहित अन्य शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना भी दी।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये कहा कि स्व० सदानंद सिंह अपने क्षेत्र में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया था। बिहार की राजनीति में उनका अहम योगदान था। उन्होंने भागलपुर की कहलगांव विधानसभा सीट का 09 बार प्रतिनिधित्व किया। वे 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे थे। वे बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा राज्यमंत्री भी रह चुके थे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री श्री अशोक चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, प्रमण्डलीय आयुक्त भागलपुर श्री प्रेम सिंह मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सुजीत कुमार, जिलाधिकारी भागलपुर श्री सुब्रत कुमार सेन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्रीमती नताशा गुड़िया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं प्रशंसक उपस्थित थे।