भगवान भास्कर को दी गई भावभीनी विदाई

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
जमुई(उपेन्द्र तिवारी) : खैरमा स्थित छठघाट में स्थापित भगवान भास्कर को सोमवार की संध्या में भावभीनी विदाई दी गई। इस विदाई कार्यक्रम में संध्या सात बजे सूर्य मंदिर से प्रतिमाओं के साथ एक विदाई यात्रा निकाली गई। जुलूस के शक्ल में यह यात्रा सूर्य मंदिर से निकलकर खैरमा से होते हुए पुनः किऊल नदी के खैरमा घाट पर पहुंची। इसके बाद पूरे विधि विधान से लोगों ने प्रतिमाओं को जल में विसर्जित कर भगवान भास्कर को नम आंखों से विदाई दी। विदित हो कि पिछले कई वर्षों से खैरमा छठघाट पर यहाँ के लोगों के द्वारा पंडाल बनाकर सूर्य प्रतिमा को स्थापित किया जाता रहा है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी यहां धूमधाम से भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इस समस्त कार्यक्रमों में यहां के कार्यकर्ताओं पंकज साह, लल्लू साह, शिवकेशर साह, धर्मवीर कुमार साह, सिकंदर कुमार साह सहित बड़ी संख्या में नवयुवकों ने बढ़चढ़कर भाग लिया।