प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने नवादा जिले को दिए 211 करोड़ रूपये से अधिक की सौगात

नवादा

जनादेश न्यूज़ नेटवर्क

मनोज कुमार

रजौली (नवादा) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को प्रगति यात्रा के क्रम में नवादा जिले के 202 योजनाओं में 211 करोड़ रूपये का शिलान्यास किया है।जिसमें रजौली प्रखंड के बहादुरपुर ग्राम पंचायत के करिगांव ग्राम में बने कृषि फार्म में आयोजित कार्यक्रम स्थल से 211.96 करोड़ की कुल 202 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।जिसमें 138.06 करोड़ रुपये की 142 योजनाओं का उद्घाटन और 73.89 करोड़ रुपये की 60 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।मुख्यमंत्री ने नवादा जिला में विभिन्न जगहों पर विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने पहले गोविंदपुर प्रखंड के गोविंदपुर-रोह पथ में सकरी नदी पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।जिसके बाद मुख्यमंत्री ने रजौली प्रखंड के बाहदुरपुर पंचायत के करिगांव गांव के कृषि फॉर्म में बने कार्यक्रम स्थल पर डिग्री कॉलेज के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को डिग्री कॉलेज के निर्माण से संबंधित रेखा चित्र के माध्यम से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग,स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग,कृषि विभाग,पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग,समाज कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग आदि के स्टॉलों का निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री ने उद्यमी योजना स्टार्टअप योजना,मुख्यमंत्री निःशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम,आयुष्मान कार्ड और बासगीत पर्चा के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया।मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल की चाबी भी वितरित की।उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों को 2 करोड़ 56 लाख रुपये के 128 लाभार्थी को सांकेतिक चेक प्रदान किया।मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन हेतु की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने 13 हजार 112 स्वयं सहायता समूह को 170 करोड़ रुपये, 6340 स्वयं सहायता समूह को 15 करोड़ 25 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।मुख्यमंत्री ने संरक्षित कृषि योजना के लाभुक को 18 लाख 75 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।साथ ही जीविका दीदियों के स्टॉल पर लगाए गए विभिन्न उत्पादों को देखा और जीविका दीदियों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में जब हमलोगों को बिहार में काम करने का मौका मिला तो हमने देखा कि यहां स्वयं सहायता समूह की संख्या नाम मात्र की है।हमलोगों ने विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह की संख्या बढ़ानी शुरू की।हमने ही स्वयं सहायता समूह का नाम जीविका दिया।जिससे प्रेरित होकर तत्कालीन केंद्र सरकार ने इसका नाम आजीविका किया।हमने जीविका से जुड़ी महिलाओं को जीविका दीदी नाम दिया।शहरी क्षेत्रों में भी स्वयं सहायता समूह का विस्तार किया जा रहा है।स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन रही हैं।इससे बिहार की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है।उनका पहनावा और बोलचाल भी काफी अच्छा हो गया है।वे लोगों से बेहिचक होकर बातें करने लगी हैं।मैं आप सभी जीविका दीदियों को बेहतर कार्य करने के लिए बधाई देता हूं।आपलोग बहुत आगे बढ़ें। खूब तरक्की करें।जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपकी बदौलत हमलोगों का जीवन सुघरा है।हमलोगों को नई पचहान मिली है।हमलोगों की पारिवारिक और सामाजिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है। यह सब आपकी देन है।मुख्यमंत्री ने नूतन नवादा बुधौल के मिनिएचर मॉडल का अवलोकन किया और रिमोट के माध्यम से इसे लांच किया।मुख्यमंत्री ने नूतन नवादा एवं नवादा जिले में अन्य विकासात्मक कार्यों से संबंधित लघु फिल्म का भी अवलोकन किया।मुख्यमंत्री ने 8 लाख 77 हजार 296 रुपये लागत की ग्राम पंचायत माखर के रुनीपुर में खेल मैदान का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने खेल परिसर के सौंदर्गीकरण कार्य का अवलोकन किया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुब्बारा उड़ाया और खिलाड़ियों को फूटबॉल,बॉस्केट बॉल प्रदान कर खेल की शुरुआत करायी।मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्द्धन किया।इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत माखर, हुड़राही के नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन परिसर का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया।साथ ही छठ घाट,अपशिष्ट प्रबंधन इकाई एवं पुस्तकालय का भी उद्घाटन किया।उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन अच्छा बना है।एक ही छत के नीचे इस पंचायत के लोगों को सारी सुविधाएं मिलेंगी।छठ घाट के निर्माण होने से यहां के छठ व्रतियों को काफी सहूलियत होगी।मुख्यमंत्री ने प्रखंड नवादा सदर में एनएच 20 के बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन के 97 किमी पर प्रस्तावित नवादा बाईपास का स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य के संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि एनएच 20 के 97 किमी से कादिरगंज सकरी नदी एसएच 8 तक बाईपास सड़क-सह-सादिपुर रेलवे हाल्ट के पास रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी का निर्माण कार्य किया जाएगा।इसके लिए प्राक्कलित राशि 181.62 करोड़ रुपये होगी।सकरी नदी पर गोविदपुर-रोह रोड के गोविंदपुर ब्लॉक के पास 20 गुणा 27.8 मीटर आकार का उच्च स्तरीय आरसीसी का निर्माण कार्य किया जाएगा उसकी प्राक्कलित राशि 54.83 करोड़ रुपए होगी।मुख्यमंत्री ने जिला अतिथि गृह में नव प्रस्तावित जिला अतिथि गृह का शिलान्यास किया। 469.31 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त 8 कमरे वाले अतिथिगृह का जिला अतिथि गृह परिसर में ही निर्माण कराया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्विजय कुमार चौधरी,पर्यावरण,वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सह नवादा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ० प्रेम कुमार,सांसद विवेक ठाकुर, विधायक प्रकाश वीर,विधायक नीतू कुमारी,विधान पार्षद अशोक यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण,विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत,मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस सिद्धार्थ, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय कुंदन कृष्णन,पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ एन विजया लक्ष्मी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह,पथ निर्माण विभाग के सचिव बी कार्तिकेय धनजी,मगध प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा,जीविका की अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं मनरेगा आयुक्त अभिलाषा कुमारी शर्मा, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनिल सिंह,नवादा के डीएम रवि प्रकाश,एसपी अभिनव धीमान,एडीएम चंद्रशेखर आजाद सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।