प्रखंड मुख्यालय में स्वच्छ भारत अभियान की उड़ रही है धज्जियां शौच करते प्रखंड कर्मी प्रखंड मुख्यालय के अंदर गंदगी फैलाते कर्मी व बदहाल पड़ा शौचालय।

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई 
गिद्धौर  (अजित कुमार यादव):प्रखंड मुख्यालय परिसर में आम नागरिकों के लिए मूलभूत सुविधा का घोर अभाव है। मुख्यालय परिसर में शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है।जिससे प्रखंड मुख्यालय में जरूरी कार्य से आने वाले फरियादी आम नागरिकों एवं कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शौचालय की व्यवस्था नहीं रहने के कारण प्रखंडकर्मियों एवं आम नागरिक प्रखंड परिसर के अंदर दीवार की आड़ लेकर मल मूत्र त्यागने को हर रोज विवश है। एक ओर जहां स्वच्छ भारत योजना अर्न्तगत पंचायत, गांव एवं प्रखंड को खुले में शौच मुक्त कब का कर दिया गया है तो वहीं दूसरी ओर मुख्यालय परिसर में ही शौच एवं लघु शंका की समुचित व्यवस्था नही रहने के कारण पूरे परिसर में यत्र तत्र गंदगी फैल रही है। खासकर प्रधानमंत्री आवास के महिला लाभुक, जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र लेने हेतू आये आम ग्रामीण से लेकर छात्र छात्राओं को प्रखंड मुख्यालय में दो से तीन घंटे बिताने पड़ते है। इस दौरान शौच की तलब होने पर काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस परिस्थिति में  परिसर में शौचालय की समुचित व्यवस्था होना अति आवश्यक है लेकिन इस समस्या की ओर न तो पदाधिकारी न ही जनप्रतिनिधियों का आज तक ध्यान गया है।