नगर निगम के द्वारा कचरे में लगायी जा रही आग से “स्वस्थ मुंगेर स्वच्छ मुंगेर” का उद्देश्य खतरे में।

मुंगेर
जनादेश न्यूज़ जमुई 
मुंगेर (गौरव कुमार मिश्रा ) : नगर निगम की घोर लापरवाही सामने आ रही है। नगर निगम द्वारा कचरे में लगाई जा रही आग से हवा लगातार प्रदूषित हो रही है।.मुंगेर नगर निगम की लापरवाही के कारण शहर वासियों का जीवन संकट में पड़ता जा रहा है। खुलेआम रिहायशी इलाकों में पोलीथीन युक्त कचरे को जलाया जा रहा है। इससे फैलने वाली जहरीली गैसों से लोग कैंसर सहित कई घातक बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। इससे वातावरण पूरी तरह प्रदूषित हो रहा है। नगर निगम द्वारा नियमित कचरे का उठाव नहीं किए जाने से स्थानीय लोग पहले से ही परेशान थे। अब उन कचरों को रिहायशी इलाकों में जलाने से स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल मुबारकचक में शहर का पूरा कचरा फेंका जाता है और उसे जला दिया जाता है जिससे स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे ” स्वच्छ मुंगेर स्वस्थ मुंगेर” के सपनों को रौंदा जा रहा है। यूं तो लोग पहले ही कचरा का उठाव नहीं होने से परेशान है। अब कई स्थानों पर कूड़े कचरे के ढेर में आग लगाकर उसे नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन पॉलीथीन युक्त कचरे में आग लगने से जो घातक रासायनिक गैस निकल रहे हैं, उससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। चारों ओर वातावरण में लगातार धुआं फैल रहा है।