जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ बैठक

नालंदा
जनादेश न्यूज़ नालंदा
जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहूत की गई।
बैठक में एक हजार से अधिक मतदाताओं की संख्या वाले मतदान केंद्रों के लिए सहायक मतदान केंद्र बनाने को लेकर भेजे गए प्रस्ताव के संबंध में जानकारी दी गई। इस संबंध में पूर्व में भी राजनीतिक दलों के साथ कई बार बैठक की गई थी जिसमें सहायक मतदान केंद्रों के बारे में विचार विमर्श किया गया था। विभिन्न राजनीतिक दलों के स्तर से इस संबंध में प्राप्त आपत्ती/ सुझाव के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कुल 920 सहायक मतदान केंद्र बनाने हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। सभी राजनीतिक दलों को इन सहायक मतदान केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
सभी प्रतिनिधियों को बताया गया कि ईवीएम एवं वीवीपैट के एफ एल सी का कार्य पूर्ण हो रहा है। 10 से 12 अगस्त की अवधि में एफएलसी में सही पाए गए ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से सभी राजनीतिक दलों की मौजूदगी में मॉक पोल की कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सभी राजनीतिक दलों को अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
मतदाता सूची के सतत अद्यतीकरण का कार्य जारी है। इसके तहत कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने, संशोधन करने या हटाने हेतु कार्रवाई कर सकता है। इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से एनवीएसपी पोर्टल पर जाकर आवश्यक प्रविष्टि की जा सकती है। इस संबंध में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का अनुरोध किया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।