छठ घाट पर महिलाओं से सोने का चेन खींचते 4 महिला उचक्का गिरफ्तार

शेखपुरा
जनादेश न्यूज़ शेखपुरा
शेखपुरा : रविवार के दिन शहर के अरघौती पोखर छठ घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य प्रदान किये जाने के दौरान भारी भीड़ में महिला श्रद्धालुओं से सोने का चेन और अन्य आभूषण खिंचते 4 महिला उचक्कों को पुलिस ने गिरफ्तार कर ली। जबकि उचक्कों ने तीन महिलाओं का चेन व मंगलसूत्र छीन लिया।गिरफ्तार की गई महिला उचक्का गया जिले के गया सदर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले कोन गांव की रहनेवाली है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घाट पर उमड़ी भीड़ में जब ये महिला उचक्के एक महिला मुन्नी देवी पति भोला लाल अकबरपुर , नवादा का चेन गले से खींच रही थी। तभी पीड़िता द्वारा मचाये जाने के बाद घाट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तार महिलाओं में अमृता कुमारी पति नारद राम , पूजा कुमारी पति राम दास, मीना देवी पति वीरेंद्र राम और नन्दनी कुमारी पति राहुल राम शामिल है। गिरफ्तार महिला उचक्कों से पूछताछ की जा रही है। सभी गिरफ्तार महिला उचक्का अंतरजिला उचक्का गिरोह की बताई गई है।मालूम हो कि गत साल भी इस छठ घाट पर दर्जन भर से अधिक महिला श्रद्धालुओं के सोने का चेन और अन्य जेवरात को उचक्कों ने उड़ा लिया था।लेकिन उस बार किसी की भी गिरफ्तारी नही हो पाई थी। इस बार घाट पर पुलिस चौकस थी। जिसके कारण गिरोह के उचक्के चेन व जेवरात उड़ाने में सफल नही हो पाए। पीड़िता मुन्नी देवी अपने बेटी के यहां छठ में नवादा से गिरिहिंडा बाजार आयी थी। जो छठ के दौरान घाट पर गई थी।इस बार बुधौली बाजार के गुडु साव की पत्नी अंजली कुमारी का मंगलसूत्र व गिरिहिंडा मुहल्ले की सुशीला देवी का भी जेवरात छीन लेने की खबर है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नही की है।