शेखपुरा : कोविड-19 टीकाकरण को एक महाअभियान के रूप में मनाने की एक मुहिम राज्य सरकार द्वारा सोमवार से राज्य के सभी जिलों में शुरू की गई। इसी कड़ी में शेखपुरा जिले के सभी छः प्रखंडों में भी टीकाकरण को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया। जहां एक ओर स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ गांव-गांव में टीकाकरण केंद्र पर पूरी टीम के साथ काम करते दिखे ।वहीं जीविका के परियोजना कर्मी एवं कैडर गांव-गांव में घूमकर ग्रामीणों को जागरूक कर टीकाकरण केंद्र तक लाने की मुहिम में प्रयासरत दिखे। शाम 4 बजे तक की रिपोर्ट आते-आते जिले के सभी प्रखंडों में जीविका द्वारा जागरूक करते हुए कुल 2256 लोगों को टीका दिया गया। सबसे ज्यादा बरबीघा प्रखंड में 756 जीविका दीदियों एवं उनके परिवार वालों का टीकाकरण किया गया।
इसके साथ ही साथ आज के इस महाअभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को इंटरनेट वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सभी प्रखंडों से जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के अभिभाषण को सुना और “6 करोड़ वयस्कों को 6 माह में लगेगा कोरोना का टीका” कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों को जागरूक करने की योजना बनाई।