गुरु नानक देव के 550 वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राजगीर में 27 से 29 दिसंबर की अवधि में होगा विशेष कार्यक्रम, पहुंचेगा श्रद्धालुओं का जत्था

नालंदा राजगीर
जनादेश न्यूज़ नालंदा
गुरु नानक देव के 550 वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राजगीर में शीतल कुंड गुरुद्वारा में सिक्ख श्रद्धालुओं के लिए 27 से 29 दिसंबर तक विशेष व्यवस्था की जाएगी।
इस अवधि में सिक्ख संगत विभिन्न जगहों से, विशेष रुप से पटना से राजगीर आएगी तथा शीतल कुंड गुरुद्वारा में मत्था टेक कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करेगी।
इस अवसर पर राजगीर के हॉकी ग्राउंड मैदान में विशेष रुप से लंगर का आयोजन किया जायेगा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर शनिवार को देर शाम जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। बताया गया कि हॉकी ग्राउंड में दो बड़े बड़े लंगर हॉल बनाए जाएंगे साथ ही लगभग 500 सेवादारों के रहने की व्यवस्था भी लंगर हॉल के बगल में की जाएगी। यह कार्य पर्यटन विभाग द्वारा किया जाना है, जिसके लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने हॉकी ग्राउंड में पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं बाथरूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लंगर एवं आवासन स्थल के लिए पेयजल की आपूर्ति टैंकर के माध्यम से की जाएगी। जहां पर अस्थाई ओवरहेड स्टोरेज टैंक में पानी रखा जायेगा।
इस आयोजन के अवसर पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर को दिया गया। साथ ही समारोह की अवधि में राजगीर शहर के लिए विशेष रुप से ट्रैफिक प्लान बनाने का निर्देश दिया गया।
हॉकी ग्राउंड में निर्मित किए जाने वाले लंगर हॉल एवं आवासन स्थल के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन एवं फायर सेफ्टी के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
लंगर हॉल के पास ही संगत के जूता चप्पल रखने के लिए जोड़ा घर बनाया जाएगा। जहां से संगत पैदल शीतल कुंड गुरुद्वारा तक आएगी तथा वापस पैदल लंगर हॉल तक जाएगी। बुजुर्ग एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से ई-रिक्शा की व्यवस्था की जाएगी।
दोनों स्थलों पर नियंत्रण कक्ष बनाया जायेगा। जहां मेडिकल टीम सहित अन्य सेवाओं (यथा पेयजल, साफ सफाई, विद्युत आदि) से संबंधित विभाग की टीम भी उपस्थित रहेगी।
जिला पदाधिकारी ने हॉकी ग्राउंड से लेकर गुरुद्वारा शीतल नानक कुंड तक उपयुक्त संकेत चिन्ह लगाने का निर्देश दिया। संकेत चिन्ह पंजाबी भाषा में भी प्रदर्शित करने को कहा गया।
दोनों स्थलों पर सफाई के लिए नगर पंचायत राजगीर को पर्याप्त संख्या में सफाई वाहन एवं कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया गया।
गुरुद्वारा के सामने नाली निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश नगर पंचायत राजगीर को दिया गया।
बैठक में निदेशक डीआरडीए, एसपी अभियान, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजगीर, नजारत उप समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, पर्यटन निगम के कार्यपालक अभियंता, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल/ विद्युत आपूर्ति/ पथ निर्माण विभाग, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजगीर, अंचलाधिकारी राजगीर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत राजगीर सहित गुरुद्वारा शीतल कुंड के प्रतिनिधि एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।