गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव का हुआ शानदार आगाज, प्रस्तुति से मन्त्रमुग्ध हुए दर्शक,शाम को संगीत में डूबा गिद्धौर

जमुई
जनादेश न्यूज़ जमुई
गिद्धौर (अजित कुमार यादव) : रौशनी से जगमगाता स्टेडियम, दर्शकों की भीड़, और उत्सवी माहौल कुछ ऐसा ही नजारा गुरुवार की संध्या गिद्धौर के कुमार सुरेन्द्र सिंह स्टेडियम में देखने को मिली।
मौका था कला संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव के भव्य आयोजन का, जिसका शुभारंभ जमुई डीएम धर्मेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. इनामूल हक मेंगनु, पूर्व मंत्री दामोदर रावत, एसडीओ लखिन्द्र पासवान, डीएसपी रामपुकार सिंह, सिकन्दरा विधायक बन्टी चौधरी, पूर्व मंत्री अर्जुन मण्डल, प्रखंड प्रमुख शंभु केशरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इसके पश्चात महोत्सव में आगंतुक अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। और फिर कुछ ही क्षणों बाद कार्यक्रम का आगाज गणेश वंदना नृत्य से की गई। उसके बाद सोना सिंह ने भक्ति प्रस्तुति से तालियों की गडगडाहट से पूरी महफिल को रंगीन कर दिया। जैसे-जैसे रात दस्तक देती गई कार्यक्रम अपने रंग में रंगता चला गया।
गायिका सोना सिंह के इस प्रस्तुति के बाद दर्शक उनके रसीले आवाज में झूमने लगे और इसी बीच तृप्ति की भक्ति संगीत ने पूरी महफिल लूट ली। इस दौरान लोकप्रसिद्ध गायक प्रदीप सावरां द्वारा एक-दो क्लासिकल हिन्दी गीत की भी प्रस्तुति दी गई।
घड़ी की सुई 7:30 पार कर चूकी थी, और कार्यक्रम अपने परवान पर था।
बिहार की सुप्रसिद्ध एंकर एकता तिवारी ने बेहतरीन ढंग से मंच संचालन किया। संचालन के दौरान एकता तिवारी ने गिद्धौर महोत्सव के इतिहास पर भी प्रकाश डाला।
इधर, महोत्सव के सफल संचालन को लेकर अंचलाधिकारी अखिलेश सिन्हा, बीडीओ गोपाल कृष्णन एवं गिद्धौर थानाध्यक्ष आशीष कुमार अपने पूरी टीम के साथ सक्रिय दिखे।
समाचार लिखे जाने तक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति अपने परवान पर थी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एसडीपीओ रामपुकार सिंह, शशिनन्दन, डीएफओ संजीव कुमार, एसवी कमांडेंट मौजूद दिखे।
वहीं महोत्सव में वीआईपी, विभिन्न राजनीतिक दल के नेता,  दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति गिद्धौर के तमाम सदस्य, स्थानीय तथा जिले से आए पत्रकार बंधुओं के अलावे हजारों की संख्या में ग्रामीण व संगीत प्रेमी इस महोत्सव का आनंद उठाते नजर आए।