राजगीर : विश्वव्यापी महामारी कोरोना संक्रमण के कारण देशभर के सभी स्कूल कालेज बंद चल रहे हैं।विद्यालय कब खुलेंगे? इसको लेकर अभी तस्वीर साफ़ नहीं है। लॉकडॉउन की वजह से इस लम्बी स्कूलबंदी में विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित न हो और देश के भविष्य कहे जाने वाले बच्चों का भविष्य बर्बाद न हो,इसके लिए विभिन्न संस्थानों और संगठनों के द्वारा ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।इस दिशा में केन्द्रीय विद्यालय संगठन,पटना संभाग ने सराहनीय कदम उठाया है।सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और उन्हें एक ही पटल पर सभी विषयों की पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए संभाग स्तर पर ई- कन्टेंट विकसित करा रहा है।इसके लिए के वि संगठन पटना संभाग ने सभी विषयों के लिए विषय विशेषज्ञों की समिति गठित की है। केन्द्रीय विद्यालय आयुध निर्माणी नालंदा,राजगीर के डॉ आनन्द कुमार त्रिपाठी , स्नातकोत्तर शिक्षक(हिन्दी)को कक्षा 11वीं और 12वीं के हिन्दी विषय के लिए ई- कंटेंट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. त्रिपाठी उपर्युक्त कक्षाओं के पाठ्यक्रम में निर्धारित गद्य,काव्य और व्याकरण के पाठों पर आधारित ई- कंटेंट तैयार कर रहे हैं।सभी विषयों के लिए तैयार की गई पाठ्य सामग्री केन्द्रीय विद्यालय संगठन, पटना संभाग के ब्लॉग पर उपलब्ध रहेगी। संबंधित लिंक का उपयोग करके कोई भी अध्येता ब्लॉग पर उपलब्ध पाठ्य सामग्री से लाभान्वित हो सकेगा।