उपभोक्ताओं के सहयोग के बिना हम रिकॉर्ड नहीं बना पाते – संजीव हंस

पटना
जनादेश न्यूज़ बिहार
पटना : बीएसपीएचसीएल ने ‘स्मार्ट प्रीपेड मीटर –भ्रांतियां और सच’ विषय पर वेबिनार का आयोजन किया। वेबिनार के आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर भ्रांतियों को दूर करना था। बीएसपीएचसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री संजीव हंस का कहना है कि हम अपने उपभोक्ताओं के पास वेबिनार के माध्यम से पहुंच बना रहे हैं। उनकी हर भ्रांतियों को दूर कर रहे हैं। बिहार स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने को लेकर आज देश में अव्वल है और यह उपभोक्ताओं के सहयोग के बिना संभव नहीं था। बिहार में अब तक 5.23 लाख उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगवा लिया है। स्मार्ट मीटर को लेकर लोग उत्साहित हैं। हर जिला स्मार्ट मीटर को लेकर अपनी उपलब्धियां दर्ज करा रहा है।
वेबिनार में बीएसपीएचसीएल के प्रोटोकॉल ऑफिसर ख्वाज़ा जमाल, एसबीपीडीसीएल की सहायक प्रबंधक आईशा ज़ारी, इंटेली स्मार्ट की वरिष्ठ पदाधिकारी महेश्वरी और पाटलिपुत्र अंचल के सहायक अभियंता अमित कुमार ने भाग लिया।
बीएसपीएचसीएल के प्रोटोकॉल ऑफीसर ख्वाजा जमाल ने कहा कि बीएसपीएचसीएल अपने उपभोक्ताओं को स्मार्ट बनाने में लगा है। इसमें युवा वर्ग काफी सहयोग कर रहा है। स्मार्ट प्रीपेड मीटर की अहमियत अब जनता समझ रही है। आज देश में बिहार के स्मार्ट मीटर के प्रबंधन की चर्चा है। यह हमारे सम्मानित उपभोक्ताओं के बदौलत संभव ही है।
पाटलिपुत्र डिविजन के सहायक अभियंता अमित कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं को बिना तनाव के स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाना चाहिए। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने से कोई ज्यादा बिल नहीं आता है। उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर से बहुत सारे फायदें हैं। उन्हें बिजली कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ता है। अब उनकी हर समस्या का निदान स्मार्ट फोन पर है।
एसबीपीडीसीएल की सहायक प्रबंधक आईशा ज़ारी ने कहा कि दो साल में स्मार्ट मीटर को लेकर माहौल बदला है। पहले उपभोक्ता मीटर को लगाने में आनाकानी कर रहा था अब वह अपने परिसर में लगाने का अनुरोध कर रहा है। किसी उपभोक्ता को अपने स्मार्ट मीटर को लेकर शक है तो वह जांच करा सकता है। हर डिविजन में मीटर जांच केंद्र खुला हुआ है। मीटर को आप जरूरत के मुताबिक रिचार्ज कराएं और बिजली का आनंद लें।
इंटेली स्मार्ट की वरिष्ठ पदाधिकारी महेश्वरी का कहना है कि अब स्मार्ट मीटर की डिमांड बढ़ी है। लोगों आसानी से मीटर रिचार्ज कर रहे हैं। अपनी खपत का प्रतिदिन विश्लेषण कर रहे हैं। अगर आपको अपने मीटर का लोड बढ़ाना है तो ऑनलाईन ही आवेदन दे कर बढ़ा सकते हैं। स्मार्ट मीटर लगाने के लिए कोई शुल्क नहीं लगता है। आप बिजली की कोई समस्या होने पर बिहार बिजली मीटर बिजली ऐप माध्यम शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही फेसबुक एवं ट्विटर (@BiharEnergy) पर अपनी शिकायत लिख कर हमें टैग कर सकते हैं।