गिद्धौर (अजित कुमार यादव) प्रखंड में इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर विभाग द्वारा बनाये गये दो केंद्र अखिलेश्वर उच्च विद्यालय रतनपुर एवं महाराज चंद्र चूड़ विद्या मंदिर गिद्धौर में परीक्षा को कड़ी प्रशासनिक निगरानी के बीच सम्पन्न कराने को लेकर विधिवत सारी तैयारियां संबंधित दोनों केंद्रों पर शिक्षा विभाग द्वारा पुरी कर ली गई है। वहीं परीक्षा को लेकर अखिलेश्वर उच्च विद्यालय रतनपुर के केंद्राधीक्षक ध्रुव कुमार पांडेय एवं महाराज चंद्र चूड़ विद्या मंदिर के केंद्राधीक्षक मो. मंजूर आलम ने जानकारी देते बताया कि सोमवार से शुरू हो रही परीक्षा को लेकर केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से परीक्षा के हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जायेगी। बताते चलें कि सोमवार से आयोजित हो रही इस परीक्षा के प्रथम पाली विज्ञान संकाय के भौतिकी एवं द्वितीय पाली के कला संकाय के इतिहास की परीक्षा में अखिलेश्वर उच्च विद्यालय रतनपुर केंद्र पर 862 एवं महाराज चंद्र चुड़ विद्या मंदिर केंद्र पर 1136 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे।