बिहार के सभी सिविल कोर्ट में शुरू होगी फिजिकल सुनवाई, पटना हाईकोर्ट ने पत्र जारी कर दिया निर्देश

बिहार
जनादेश न्यूज़ बिहार
पटना : पटना हाईकोर्ट ने बिहार के सभी निचली अदालतों, सिविल कोर्ट में अनुमंडल के कोर्ट में फिजिकल न्यायिक कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है. इस संबंध में पटना हाईकोर्ट ने बुधवार को बिहार के सभी निचली अदालतों के जिला एवं सत्र न्यायाधीश को एक पत्र जारी करते हुए कहा है कि जिले के सिविल कोर्ट के इंस्पेक्टिंग जज के साथ सलाह के बाद प्रयोग के तौर पर फिजिकल सुनवाई शुरू किया जाए. फिजिकल के साथ-साथ वर्चुअल कोर्ट भी चलता रहेगा साथ ही पत्र में यह कहा गया है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए केंद्र व राज्य सरकार के दिशा निर्देशों का पालन किया जाना सुनिश्चित है कोर्ट परिसर में अनावश्यक भीड़ भाड़ ना लगे. दरअसल आपको बताते चलें कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए पटना हाई कोर्ट समेत बिहार के सभी निचली अदालतों में फिजिकल मोड में न्यायिक कार्य को बंद कर वर्चुअल मोड में अति आवश्यक न्यायिक कार्य किए जा रहे थे. पटना हाई कोर्ट समेत राज्य के वकीलों के द्वारा फिजिकल न्यायिक कार्य शुरू करने की मांग भी की जा रही थी. इस संबंध में पटना हाई कोर्ट ने सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीश को पत्र जारी करते हुए फिजिकल सुनवाई शुरू करने का निर्देश दिया है.