तकनीकी टीम की मदद से ट्रैक्टर चोरी मामले में दो गिरफ्तार,भेजे गए जेल

नवादा

जनादेश न्यूज़ नेटवर्क

रजौली (नवादा) थाना क्षेत्र के परमेश्वर बीघा गांव से 18 जुलाई को एक ट्रैक्टर की चोरी को लेकर प्राथमिक की दर कराई गई थी,जिसको लेकर सोमवार की रात्रि नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र से थानाध्यक्ष राजेश कुमार,पीएसआई रौशन कुमार एवं डीआईयू की टीम के द्वारा छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार ट्रैक्टर चोरों की पहचान नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी महेश प्रसाद के बेटे नीतीश कुमार एवं नगरनौसा थाना क्षेत्र के कछियामा गांव निवासी सत्येंद्र प्रसाद के बेटे सनी कुमार के रूप में हुई है।थानाध्यक्ष ने बताया कि रजौली थाना क्षेत्र के परमेश्वर बीघा गांव से लगभग 23 दिन पहले एक ट्रैक्टर की चोरी को लेकर रूबी कुमारी द्वारा प्राप्त लिखित आवेदन के आलोक में थाना काण्ड संख्या 354/24 में प्राथमिक की दर्ज कराई गई थी।प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस अनुसंधान में जुट गई थी।इसी क्रम में सोमवार को नालंदा जिले के हिलसा से दोनों चोरों को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार लोगों को मंगलवार को अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के बाद पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।वहीं अभी तक चोरी गए ट्रैक्टर की बरामदगी नहीं की जा सकी है।